
धमतरी के नरहरा वाटरफॉल में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से घूमने पहुंचे एक युवक के गहरे पानी में डूबने की जानकारी सामने आई है। गोताखोरों की टीम ने काफी खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया। अब सोमवार सुबह फिर खोज शुरू की जाएगी।
नहाते समय फिसला पैर, 20 फीट नीचे गिरा युवक
जानकारी के अनुसार तोरण नायक, निवासी कोटा रायपुर, अपने दोस्तों के साथ नरहरा घूमने आया था। सभी लोग जलाशय के किनारे नहा रहे थे। उसी दौरान तोरण का पैर फिसल गया और वह लगभग 20 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गया। गिरते ही वह पानी में बह गया और कुछ ही क्षणों में नजरों से ओझल हो गया।
पुलिस और गोताखोर पहुंचे मौके पर
घटना करीब दोपहर एक बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मगरलोड थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत शुक्ला, पुलिस बल, गोताखोर और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टीम ने कई घंटों तक तलाशी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुरक्षा कारणों से रात होते ही ऑपरेशन रोक दिया गया। युवक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
Also Read: कुरूद विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और पेय जल को मिलेगी मजबूती: चरमुड़िया में महानदी नहर पर ₹4.29 करोड़ के क्रॉस रेगुलेटर एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का विधायक अजय चंद्राकर ने किया शुभारंभ



