
Vote Chori: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी का आरोप लगाते हुए बड़ा दावा किया है। पार्टी ने कहा कि बहुत जल्द इस संबंध में सबूत पेश किए जाएंगे। कांग्रेस इससे पहले बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में भी चुनावी गड़बड़ियों का मुद्दा उठा चुकी है।
दीपक बैज का बयान
State Congress President Deepak Baij Statement: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि छत्तीसगढ़ में वोट चोरी हुई है। उनका कहना है कि कांग्रेस के पास इससे जुड़े कई तथ्य मौजूद हैं। बैज ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से गड़बड़ियां हुईं और इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिला।
अन्य राज्यों से जोड़ा मामला
CG Vote Chori: बैज ने कहा कि जैसे बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा में धांधली की शिकायतें सामने आई हैं, उसी तरह छत्तीसगढ़ में भी कई विसंगतियां मिली हैं। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस महज आरोप नहीं लगा रही, बल्कि जल्द ही सबूतों के साथ पूरे मामले का खुलासा करेगी।
संगठन को अलर्ट
प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों को पत्र लिखकर सक्रिय रहने और प्रशिक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया है। पार्टी का मानना है कि कई विधानसभा क्षेत्रों में गड़बड़ी हुई है, जिसकी जानकारी कार्यकर्ताओं और नेताओं तक पहुंचाना जरूरी है।



