
Raipur Airport: रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने एक विदेशी यात्री की तलाशी ली, जिसके पास से 270 ग्राम नशीला पदार्थ कोकीन बरामद किया गया। पकड़ा गया आरोपी नाइजीरिया का रहने वाला बताया जा रहा है। अधिकारियों ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर नशीली खेप को जब्त कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। डीआरआई की इस मुस्तैदी ने एयरपोर्ट सुरक्षा और नशा तस्करी के सिंडिकेट को लेकर एक बार फिर सतर्क कर दिया है।
इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली से आया था रायपुर
शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी नाइजीरियाई नागरिक दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट पकड़कर रायपुर पहुंचा था। डीआरआई की टीम अब उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ का पता लगाया जा सके। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि रायपुर में यह नशा किसे सप्लाई किया जाना था और दिल्ली में इस गिरोह के तार कहां से जुड़े हैं। आरोपी को फिलहाल डीआरआई दफ्तर में रखा गया है, जहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरफ्तारी के बाद शहर में सक्रिय नशा तस्करों के कुछ और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।



