
बलौदाबाजार: Dundra School: बलौदा बाजार जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुण्डरा के प्रभारी प्राचार्य पर स्कूल के बच्चों के फर्नीचर को निजी स्कूलों को बेचने का गंभीर आरोप लगा। जाँच में आरोप सही पाए जाने के बाद, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
शाला प्रबंधन की अनुशंसा पर बेचे टेबल-बैंच
यह मामला तब उजागर हुआ जब ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुण्डरा के प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप था कि रमेशर बंजारे ने शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की कथित अनुशंसा पर स्कूल की कुर्सी और टेबल को निजी स्कूलों को बेच दिया।
शिकायत मिलने के बाद, 13 सितंबर को बलौदाबाजार-भाटापारा जिला शिक्षा अधिकारी ने कसडोल विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सूचना देकर जाँच समिति का गठन किया।
जाँच में सही पाए गए आरोप, दो स्कूलों को बेचा सामान
जाँच समिति में डुण्डरा तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कसडोल सहित कई अधिकारी शामिल थे। संयुक्त टीम ने मौके पर निरीक्षण किया, जिसमें प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे पर लगे आरोप सही पाए गए।
जाँच में खुलासा हुआ कि रमेशर बंजारे ने विद्यालय के फर्नीचर को दो अलग-अलग निजी स्कूलों को बेचा था:
- 67 टेबल-बैंच: ज्ञान अमृत विद्यालय, डुण्डरा को बेचे गए।
- 40 टेबल-बैंच: धाविका पब्लिक स्कूल, शिवरीनारायण को बेचे गए।
सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग और बिक्री साबित होने के बाद, संचालक लोक शिक्षक की ओर से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुण्डरा के प्रभारी प्राचार्य रमेशर बंजारे को निलंबित कर दिया गया है।



