
रायपुर: CG Medicine Ban: छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) ने राज्य में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया के तहत दो दवाओं के उपयोग पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह कार्रवाई हाल ही में हुई जाँच और साइड इफेक्ट की सूचना के बाद की गई है।
बैक्लोफेन टैबलेट पर रंग बदलने के कारण रोक
सीजीएमएससी ने ड्रग वेयरहाउस कवर्धा में बैक्लोफेन 10 एमजी टैबलेट (ड्रग कोड – ND88) के दो बैचों (RT24126 और RT25018) का भौतिक सत्यापन किया। इस सत्यापन के दौरान, दवा के कुछ पैकेट्स पर रंग परिवर्तन पाया गया। इस संभावित गुणवत्ता दोष के मद्देनजर, कॉर्पोरेशन ने एहतियातन इन दोनों बैचों के वितरण और उपयोग पर अस्थायी रोक लगा दी है। दवाओं के नमूनों को अब NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में फिर से परीक्षण के लिए भेजा गया है।
आयरन सुक्रोज इंजेक्शन पर साइड इफेक्ट की सूचना
इसी प्रकार, रीजनल ड्रग वेयरहाउस बिलासपुर से जारी आयरन सुक्रोज 100 एमजी इंजेक्शन (ड्रग कोड – D285, बैच No. V24104) के संबंध में एक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य एवं जच्चा-बच्चा केंद्र बंधवापारा (हेमू नगर) में उपयोग के दौरान एक मरीज में इस इंजेक्शन के कारण साइड इफेक्ट की सूचना मिली थी। सावधानी बरतते हुए, CGMSC ने इस संबंधित बैच के उपयोग पर भी तत्काल प्रभाव से अस्थायी रोक लगा दी है।
आगे की कार्रवाई परीक्षण रिपोर्ट पर निर्भर
छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों की गहन जाँच और दवाओं के अंतिम परीक्षण परिणामों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, जो निविदा की शर्तों और नियमों के अनुरूप होगी। कॉर्पोरेशन ने यह दोहराया है कि वह राज्य के मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय दवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया अपना रहा है।



