
रायपुर: राजधानी रायपुर से स्वास्थ्य विभाग को चौंका देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला को देवपुरी अस्पताल से दी गई कैल्शियम सिरप की शीशी में एक संदिग्ध मांस का टुकड़ा मिला है। महिला ने इस सिरप का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें वह मांस के टुकड़े को हाथ में लेकर दिखाती है। वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी दवाइयों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ गए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
सिरप पीने पर लगा ठोस टुकड़ा, महिला ने बाहर निकाला
महिला ने बताया कि वह 8 महीने से गर्भवती है और रोज की तरह दोपहर के भोजन के बाद उसे मिली सरकारी कैल्शियम सिरप का सेवन कर रही थी। जैसे ही सिरप मुंह में डाला, उसे कोई ठोस टुकड़ा महसूस हुआ। घबराकर उसने तुरंत उसे उगल दिया। महिला का दावा है कि यह सिरप सभी सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को दी जाती है।
‘गर्भपात का मांस’, महिला ने जताया गहरा डर
वीडियो में महिला ने चौंका देने वाला दावा करते हुए कहा कि यह टुकड़ा देखने में ऐसा प्रतीत होता है जैसे किसी महिला के गर्भपात का मांस सिरप में डाल दिया गया हो। उसने बताया कि यह सिरप उसे नवंबर माह में दिया गया था। घटना के बाद महिला बेहद घबराई हुई है और उसे मानसिक रूप से बहुत खराब महसूस हो रहा है।
पति ने राज्यपाल और कलेक्टर को लिखा पत्र
इस पूरे मामले में गर्भवती महिला के पति कृष्णा साहू ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उन्हें अस्पताल से 2 सिरप मिले थे। एक को जब घर में खोला गया तो उसमें मांस का टुकड़ा निकला। दोनों सिरप को लेकर जब वह अस्पताल गए और सील बंद दूसरी शीशी खोली गई, तो उसमें भी मांस का टुकड़ा मिला। कृष्णा साहू ने दवाई बनाने वाली कंपनी पर लोगों की जान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है और कार्रवाई के लिए कलेक्टर और राज्यपाल को पत्र लिखा है।
देखिये वीडियो-
सरकारी दवाइयों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न
इस हैरतअंगेज घटना ने सरकारी अस्पतालों में वितरित की जाने वाली दवाइयों की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश है और मांग जोर पकड़ रही है कि दोषी कंपनी और अधिकारियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त जांच और कार्रवाई की जाए।



