
रायपुर: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर दिवाली से पहले अपनी लंबित मांगों पर आदेश जारी करने की अपील की है। कर्मचारियों ने सरकार से वेतन वृद्धि और बोनस के आदेश तत्काल जारी करने की मांग को दोहराया है। इससे पहले, मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में हड़ताल अवधि को शून्य घोषित करने और बर्खास्त किए गए 25 कर्मचारियों की शीघ्र बहाली पर सहमति बनी थी।
किन मांगों पर तत्काल आदेश की मांग?
एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि उनकी लंबित 27% वेतन वृद्धि में से पहले ही घोषित 5% वृद्धि और वार्षिक कार्यमूल्यांकन (CR) के आधार पर मिलने वाले 5% बोनस का आदेश तत्काल जारी किया जाए। इसके अलावा, हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए 25 कर्मचारियों की पुनर्बहाली की मांग भी दोहराई गई है।
कर्मचारी संघ ने सरकार से आग्रह किया है कि दिवाली से पहले इन सहमत मांगों पर आदेश जारी किए जाएँ, ताकि एनएचएम परिवार इस पर्व को खुशहाली और सम्मान के साथ मना सके और उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
33 दिन चला था आंदोलन, इन बिंदुओं पर बनी थी सहमति
एनएचएम कर्मचारियों का यह आंदोलन 18 अगस्त से 19 सितंबर 2025 तक लगभग 33 दिनों तक चला था। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कई प्रमुख मांगों पर सहमति जताई थी, जिनमें शामिल हैं:
- लंबित 27% वेतन वृद्धि में से 5% वृद्धि का शीघ्र आदेश जारी करना।
- CR प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना।
- 30 दिन सवैतनिक चिकित्सा अवकाश (Medical Leave) प्रदान करना।
- ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना।
नियमितीकरण पर केंद्र से माँगा मार्गदर्शन
कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी और प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने संयुक्त बयान में बताया कि ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति और आरक्षित सीटों को निर्धारित करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो तीन माह के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। वहीं, नियमितीकरण और संविलियन जैसे बड़े मुद्दों पर राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए पत्र भेजा है। कर्मचारियों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं, और उन्हें उम्मीद है कि सरकार जल्द आदेश जारी करेगी।
Also Read: छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्ति का बड़ा खुलासा, जानिए कैसे आयोग सचिव के फर्जी लेटर से हुआ बड़ा खेल ? मंत्री भी हैरान!



