
रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की बड़ी चूक सामने आई है। विभाग ने उस उप अभियंता का ट्रांसफर आदेश जारी कर दिया, जिसकी मौत दो महीने पहले ही हो चुकी थी।
मृत उप अभियंता का हुआ तबादला
जानकारी के मुताबिक दल्लीराजहरा नगर पालिका में पदस्थ उप अभियंता योगानंद सोम का तबादला नगर पंचायत तुमगांव किया गया था। लेकिन जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि योगानंद सोम का निधन करीब दो महीने पहले हो चुका था। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर ट्रांसफर आदेश जारी कर दिया गया।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
यह मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि बिना सही रिकॉर्ड और जानकारी के कैसे ट्रांसफर आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए गए।

आदेश में किया गया संशोधन
लापरवाही सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया और तत्काल आदेश में संशोधन किया। हालांकि इस घटना ने नगरीय प्रशासन की प्रणाली और रिकॉर्ड मैनेजमेंट पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।



