
नई दिल्ली: UPI Rules 2025: देशभर में करोड़ों लोगों की जिंदगी से जुड़ा यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) अब और ज्यादा मज़बूत और स्मार्ट होने वाला है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने 1 अगस्त 2025 से UPI से जुड़े कुछ नए नियम लागू करने का ऐलान किया है। मकसद साफ है — डिजिटल भुगतान सिस्टम को और स्थिर, तेज़ और सुरक्षित बनाना। NPCI का फोकस इस बार तकनीकी खामियों को सुधारने और सर्वर पर बढ़ते बोझ को कम करने पर है, ताकि यूजर को हर बार स्मूद ट्रांजेक्शन का अनुभव मिले।
क्यों ज़रूरी हो गए ये बदलाव?
UPI Update: मार्च और अप्रैल 2025 में दो बार पूरे देश ने देखा कि जब जरूरत पड़ी, तब यूपीआई ने जवाब देना बंद कर दिया। 26 मार्च और फिर 12 अप्रैल को लाखों यूजर्स ट्रांजेक्शन नहीं कर पाए। न पैसा भेजा जा सका, न बैलेंस चेक हुआ। वजह थी – सर्वर पर दबाव, बेतरतीब API कॉल्स और बिना टाइमिंग के ऑटो डेबिट ट्रांजेक्शन। इस गड़बड़ी के बाद NPCI ने तकनीकी जांच कर पूरी सिस्टम की चीर-फाड़ की और पाया कि जब तक सिस्टम को री-डिज़ाइन नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी दिक्कतें दोहराई जा सकती हैं। इसके बाद तय हुआ कि नियमों में सख्ती लाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक और प्रोसेसिंग दोनों को बैलेंस किया जा सके।



