VIDEO: बड़ा आरोप: ED अफसरों पर मारपीट का आरोप, कांग्रेस नेता बोले- ‘भूपेश बघेल का नाम लेने का बनाया दबाव’

रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ के बाद एक कांग्रेस नेता ने ED के अधिकारियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता हेमंत चंद्राकर ने रायपुर के सिटी कोतवाली थाने पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ED पर हमला बोलते हुए उसे ‘सरकार का गुंडा’ करार दिया है।

रोते हुए थाने पहुँचे हेमंत चंद्राकर

हेमंत चंद्राकर को 29 सितंबर की सुबह पूछताछ के लिए रायपुर स्थित ED कार्यालय बुलाया गया था। पूछताछ रात करीब 8:30 बजे तक चली। चंद्राकर का आरोप है कि उन्हें रोक लिया गया, जबकि अन्य लोगों को जाने दिया गया।

सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने रोते हुए पुलिस अधिकारियों को बताया:

“मुझे मार दो साहब। मैंने कांग्रेस की सरकार में बीज और खाद की सप्लाई की, जिसके पूरे दस्तावेज ED को सौंप दिए हैं। इसके बाद भी पूछताछ में पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम नहीं लेने पर मेरे साथ मारपीट की गई।”

हेमंत चंद्राकर ने आरोप लगाया कि ED के डिप्टी डायरेक्टर ने उन पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत उनके करीबियों से कमीशन लेने की बात स्वीकार करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया, तो अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें बुरी तरह प्रताड़ित किया।

पूर्व सीएम बघेल ने ED को बताया ‘गुंडा’

हेमंत चंद्राकर के साथ मारपीट के आरोप का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक वीडियो जारी कर ED पर तीखा हमला बोला।

बघेल ने कहा, “ED अब पूरी तरह से गुंडागर्दी पर उतर आई है। सरकार के संरक्षण में ED की गुंडागर्दी हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ED व्यापारियों को बुलाकर रॉड से पीटकर उनसे भूपेश बघेल, रामगोपाल अग्रवाल व अन्य लोगों का नाम लेने का दबाव बना रही है।

उन्होंने आगे कहा:

“लगभग बेहोशी की हालत में छोड़ने के बाद जब पीड़ित शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास पहुँच रहे हैं, तो पुलिस न अपराध दर्ज कर रही है और न ही मेडिकल परीक्षण करवा रही है।”

बघेल ने छत्तीसगढ़ पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी कानून के अनुसार काम नहीं करेंगे, उनके नाम याद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा, “कमलछाप बिल्ला लगाकर, ED के डर से काम करोगे तो प्रदेश की जनता सब दर्ज कर रही है।”

Also Read: VIDEO: “IAS अफसर CM को गुमराह कर रहे” : पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का बड़ा आरोप, 4 अक्टूबर को सीएम हाउस में धरने में बैठेंगे

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button