CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें ₹84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों ने किया सरेंडर, बिलासपुर पुलिस की गाड़ी जब्त, ₹20,500 का चालान,  करंट लगने से मौत, वन विभाग में हड़कंप ,फर्जी IT अधिकारी बनकर छापेमारी,छत्तीसगढ़ में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन, 250 परिवारों के सिर से छत छिनने का संकट, प्रदर्शन जारी, 5 साल बाद रूसे जलाशय में दुर्लभ प्रवासी पक्षी Steppe Gull की दस्तक,मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी और नॉनवेज ,एपीएल से बीपीएल कार्ड बदलने के आरोप, राशन कार्ड के SIR की मांग पर सदन में हंगामा,मेडिकल कॉलेज के नर्सों ने खोला मोर्चा, ग्रेड पे और पदोन्नति समेत 10 सूत्रीय मांगें  समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

‘पूना मारगेम’ से शांति की ओर कदम: ₹84 लाख के इनामी 34 नक्सलियों ने किया सरेंडर

Naxal Surrender: बस्तर अंचल में शांति की दिशा में बड़ी सफलता मिली है, जहां बीजापुर जिले में ₹84 लाख के इनामी 34 माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्याग कर आत्मसमर्पण कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को राज्य सरकार की ‘पूना मारगेम’ (नई राह) नीति का परिणाम बताया। सीएम साय ने कहा कि संवाद, संवेदनशीलता और विकास, हिंसा से कहीं अधिक प्रभावी समाधान हैं, और सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास, सुरक्षा और आजीविका के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शराबखोरी के मामले में बिलासपुर पुलिस की गाड़ी जब्त, ₹20,500 का चालान

Police Vehicle Seized: रायपुर यातायात पुलिस ने एक निजी ट्रेवल कंपनी की उस गाड़ी को जब्त कर लिया, जो बिलासपुर पुलिस विभाग के लिए संचालित थी। ड्राइवर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। रायपुर पुलिस ने वाहन जब्त कर ₹20,500 का चालान काटा है, और नशे में वाहन न चलाने का संदेश दिया है।

कवर्धा में दो बाइसन की करंट लगने से मौत, वन विभाग में हड़कंप

Bison Deaths: कवर्धा जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य अंतर्गत जाम पानी क्षेत्र में करंट लगने से दो बाइसन की मौत हो गई है। आशंका है कि शिकारियों ने वन्यजीवों का शिकार करने के लिए बिजली का तार बिछाया होगा। पिछले दो महीनों में चार बाइसन की मौत से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को लगाया है।

फर्जी IT अधिकारी बनकर छापेमारी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार

Fake IT Raid Gang: धमतरी पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने खुद को फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बताकर डॉक्टर राठौर के घर छापेमारी की थी। नागपुर, रायपुर, दुर्ग समेत विभिन्न स्थानों से 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें डॉक्टर के घर 200 करोड़ रुपये रखे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने सुनियोजित षडयंत्र रचा था। धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी कार्रवाई के दौरान अधिकारी का पहचान पत्र और वैध वारंट की पुष्टि अनिवार्य रूप से करें।

आमजन को राहत: छत्तीसगढ़ में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन

Online Certificates: छत्तीसगढ़ राज्य में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाते हुए पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। भारत सरकार के महापंजीयक कार्यालय के संशोधित पोर्टल के सफल क्रियान्वयन से यह व्यवस्था प्रभावी हुई है। अक्टूबर 2023 के बाद जन्म लेने वाले बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र ही एकमात्र वैध दस्तावेज होगा। इस पहल से नागरिकों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं मिल रही हैं।

रेलवे नोटिस से कोरबा में 250 परिवारों के सिर से छत छिनने का संकट, प्रदर्शन जारी

Railway Eviction Threat: कोरबा शहर के इंदिरा नगर बस्ती के लगभग 250 परिवारों को रेलवे ने घर खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके विरोध में आक्रोशित लोगों ने मुख्य चौक पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि उन्हें विस्थापन और मुआवजा तत्काल दिया जाए। नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है, लेकिन मांगें पूरी न होने पर कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दी गई है।

5 साल बाद रूसे जलाशय में दुर्लभ प्रवासी पक्षी Steppe Gull की दस्तक

Rare Bird Sighting : खैरागढ़ के रूसे जलाशय में करीब पांच वर्षों के अंतराल के बाद दुर्लभ प्रवासी पक्षी स्टेपे गल (Steppe Gull) की मौजूदगी दर्ज की गई है। पक्षी विज्ञानी प्रतीक ठाकुर ने इसे रिकॉर्ड किया है। स्टेपे गल मूल रूप से पूर्वी यूरोप और मध्य एशिया में प्रजनन करता है और भारत के आंतरिक भू-भाग के जलाशय में इसका दिखना मध्य भारत के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय उपलब्धि मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह रूसे जलाशय की अच्छी जल गुणवत्ता और प्राकृतिक शांति का संकेत है।

बिलासपुर: मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी और नॉनवेज परोसने पर हिंदू संगठनों का हंगामा

Religious Tension: बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश विहार स्थित एक मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी के आयोजन को लेकर बवाल हो गया। हिंदू संगठनों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया, क्योंकि आरोप था कि पार्टी में नॉनवेज भोजन परोसा जा रहा था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है।

एपीएल से बीपीएल कार्ड बदलने के आरोप, राशन कार्ड के SIR की मांग पर सदन में हंगामा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एपीएल राशन कार्ड को बीपीएल में बदले जाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस मुद्दे की गूंज विधानसभा के प्रश्नकाल में भी सुनाई दी, जहां सत्तापक्ष और विपक्ष—दोनों की ओर से गंभीर सवाल उठाए गए। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने बिलासपुर जिले में एपीएल कार्ड को बीपीएल में बदले जाने की जानकारी मांगी। जवाब में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने किसी भी प्रकार के कार्ड परिवर्तन से इनकार किया। इस पर विधायक शुक्ला ने 19 राशन कार्डों की श्रेणी बदले जाने का दावा करते हुए संबंधित एफआईआर की प्रति सदन के पटल पर रखने की बात कही।मंत्री के जवाब से असंतुष्ट सत्तापक्ष के कई सदस्यों ने इस विषय पर आधे घंटे की चर्चा की मांग रखी। अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक और सुशांत शुक्ला ने मामले की गहन जांच की आवश्यकता बताते हुए चर्चा की मांग की। सुशांत शुक्ला ने विधायकों की समिति बनाकर जांच कराने का प्रस्ताव रखा, वहीं अजय चंद्राकर ने राशन कार्डों के SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की मांग कर दी।

मेडिकल कॉलेज के नर्सों ने खोला मोर्चा, ग्रेड पे और पदोन्नति समेत 10 सूत्रीय मांगें

Nurses Strike: डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में स्टाफ नर्सों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 1 घंटे के लिए काम बंद कर सांकेतिक प्रदर्शन किया। नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले 120 नर्सिंग स्टाफ ने *ग्रेड पे बढ़ाने, खाली पड़े नियमित पदों पर संविदा स्टाफ नर्सों को प्राथमिकता देने और *पदोन्नति समेत अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है। उन्होंने 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक हड़ताल करने की चेतावनी दी है।

Also Read: VIDEO: कांग्रेस की महिला विधायक ने इस शर्त पर भरे सदन में अजय चंद्राकर को मुख्यमंत्री बनने का दिया ऑफर, पलटवार में चंद्राकर ने दिया करारा जवाब…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button