
रायपुर Online Train Ticket Booking New Rules: भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब 1 अक्टूबर 2025 से IRCTC वेबसाइट और ऐप पर सामान्य रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट तक टिकट केवल आधार-प्रमाणित यूजर्स ही बुक कर सकेंगे।
आधार नंबर होगा अनिवार्य
Train Ticket New Rules: रेलवे ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि सामान्य यात्रियों को टिकट का प्राथमिक अधिकार मिल सके और दलालों या फर्जी अकाउंट के जरिए टिकट ब्लॉक करने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। हालांकि रेलवे के PRS काउंटर से बुकिंग की व्यवस्था पहले जैसी ही रहेगी।
सामान्य आरक्षण का समय पहले जैसा
Online Ticket Booking: अभी सामान्य आरक्षण रोजाना रात 12:20 बजे से 11:45 बजे तक चलता है। यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले टिकट बुकिंग विंडो खुलती है। नए नियम के बाद भी काउंटर बुकिंग या एजेंटों के लिए लगे 10 मिनट के प्रतिबंध में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कैसे काम करेगा नया नियम
मान लीजिए किसी यात्री को नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस में 15 नवंबर की यात्रा करनी है। इसके लिए बुकिंग विंडो 16 सितंबर की रात 12:20 बजे खुलेगी। अब 12:20 से 12:35 बजे तक टिकट बुकिंग का अधिकार सिर्फ उन्हीं यात्रियों को होगा जिनका IRCTC अकाउंट आधार वेरिफाइड है। आधार वेरिफिकेशन न होने पर यात्री को 15 मिनट बाद ही बुकिंग की अनुमति मिलेगी।
त्योहार और शादी के सीजन में राहत
दिवाली, छठ पूजा, होली और शादी जैसे सीजन में टिकटों की सबसे ज्यादा मारामारी होती है। इन दिनों सामान्य बुकिंग शुरू होते ही टिकट मिनटों में फुल हो जाते हैं। नया नियम लागू होने के बाद आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
तत्काल टिकट बुकिंग में पहले से लागू है नियम
गौरतलब है कि रेलवे ने जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया था। IRCTC ऐप और वेबसाइट से तत्काल टिकट तभी बुक किया जा सकता है जब यूजर का अकाउंट आधार से जुड़ा हो। अब यही नियम सामान्य टिकट बुकिंग के शुरुआती 15 मिनट में भी लागू किया जा रहा है।



