
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश की रफ्तार पर पिछले कुछ दिनों से विराम लग गया है, लेकिन अब राहत की खबर है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होने वाला है। फिलहाल, प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो रही है, वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश का दौर बना हुआ है।
मौसम विभाग का अलर्ट: तीन दिन बाद लौटेगा मानसून
Today Weather News: राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी हुई। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बिहार और उसके आस-पास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे जुड़ा चक्रीय परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है।
CG Weather: इसके साथ ही दो द्रोणिकाएं भी सक्रिय हैं—एक पूर्वोत्तर बांग्लादेश से दक्षिण गुजरात तक, जो समुद्र तल से 3.1 किमी ऊंचाई पर है, और दूसरी मध्य पाकिस्तान से मेघालय तक, जिसकी ऊंचाई 0.9 से 1.5 किमी तक है। ये दोनों सिस्टम प्रदेश में नमी ला रहे हैं, जिससे बारिश के लिए अनुकूल वातावरण बन गया है।
आज कई जिलों में बरसेंगे बादल
रविवार को मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। रायपुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, सुकमा और बीजापुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं और वज्रपात भी हो सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की प्रबल संभावना है।
राजधानी रायपुर का हाल
Raipur Weather Update: रायपुर में आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। दिन में गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन शाम के समय मौसम में बदलाव और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
कब मिलेगी गर्मी से राहत?
फिलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन जैसे ही मानसून दोबारा सक्रिय होगा, तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 72 घंटों में राज्य में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।



