CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें PM मोदी के 75वें जन्मदिन पर रायपुर में लगेगी प्रदर्शनी, मेडिकल कॉलेजों को हाईकोर्ट का नोटिस, जेलों में क्षमता से ज्यादा कैदी मामले में सुनवाई, ACB ने NTPC अधिकारी को 4.50 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा, बिलासपुर में चाकूबाजी पर पुलिस अलर्ट, जंगल से भारी मात्रा में माओवादी विस्फोटक बरामद, आज से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025’, समग्र शिक्षा समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, आयुष्मान भारत योजना के लिए 130 करोड़ की अतिरिक्त राशि, सरकारी शराब दुकान की शराब पीने से दो युवकों की मौत से हड़कंप समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

पीएम मोदी का जन्मदिन : रायपुर में लगेगी प्रदर्शनी

PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में 17 सितंबर को “सशक्त भारत-सशक्त छत्तीसगढ़” विषय पर प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन खाते, सौभाग्य योजना और वन रैंक वन पेंशन को दर्शाया जाएगा। साथ ही आत्मनिर्भर भारत, स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में पीएम मोदी के बचपन, संघर्ष और प्रेरणादायक जीवन यात्रा को भी शामिल किया जाएगा, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

हाईकोर्ट सख्त : मेडिकल कॉलेजों को भेजा नोटिस

High Court Notice: प्रदेशभर के निजी मेडिकल कॉलेजों को हाईकोर्ट ने फीस वसूली मामले में नोटिस जारी किया है। दरअसल, ईडब्ल्यूएस कैटेगरी की छात्रा प्रतीक्षा जांगड़े ने याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि कॉलेज हॉस्टल और ट्रांसपोर्ट का उपयोग न करने के बावजूद लाखों रुपए वसूले जा रहे हैं। चीफ जस्टिस की बेंच ने सुनवाई के बाद दो हफ्तों में सभी मेडिकल कॉलेजों से जवाब मांगा है। यह मामला छात्रहित से जुड़ा होने के कारण कोर्ट ने गंभीरता दिखाई है।

जेलों में क्षमता से ज्यादा कैदियों के मामले में सुनवाई

प्रदेश के जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों के होने के महत्वपूर्ण मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान जेलों में वरिष्ठ सहायता कल्याण अधिकारियों की नियुक्ति पर बहस हुई। चीफ जस्टिस के डीबी ने सरकार से उचित कदम उठाने की बात कही और नोटिस जारी कर 8 दिसंबर तक शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है।सुनवाई के दौरान शासन की ओर से बताया गया कि प्रदेश में 5 सेंट्रल जेलों में से दो जेलों में सहायता कल्याण अधिकारियों की नियुक्ति हो गई है, शेष जेलों में अभी नियुक्ति बची हुई है। बता दें कि प्रदेश में 15 हजार की कैपेसिटी वाले जेलों में फिलहाल 20 हजार से अधिक कैदियों को रखा गया है।

ACB की बड़ी कार्रवाई : NTPC अधिकारी गिरफ्तार

ACB Trap: रायगढ़ एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को एसीबी ने 4.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। यह अब तक की सबसे बड़ी ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुनर्वास राशि दिलाने के एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और आज शेष राशि लेते समय पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बिलासपुर में बढ़ी चाकूबाजी : पुलिस अलर्ट

Knife Crime: बिलासपुर में चाकूबाजी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने तीन महीनों में 300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 276 चाकू ऑनलाइन मंगाए गए थे, जबकि 36 बाहर से लाए गए थे। नवरात्रि और त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने बदमाशी वाले इलाकों की मैपिंग कर सघन गश्त शुरू कर दी है। संवेदनशील इलाकों में 6-6 बाइक पेट्रोलिंग टीम लगाई गई हैं। इससे पहले गणेशोत्सव और ईद पर भी ऐसे अभियान से सकारात्मक नतीजे मिले थे।

माओवादी साजिश नाकाम : जंगल से बरामद विस्फोटक

Maoist Explosives: पामेड़ थाना क्षेत्र के काऊरगट्टा जंगल में सुरक्षाबलों ने सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए। इनमें बीजीएल लांचर, बंदूकें, बैरल पाइप, डायरेक्शनल माइंस, डेटोनेटर और माओवादी वर्दियां शामिल हैं। यह सामग्री किसी बड़े हमले की तैयारी में जुटाए गए थे, लेकिन समय रहते सुरक्षा बलों ने साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने बरामद वस्तुओं को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

आज से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025’

Cleanliness Drive: डिप्टी सीएम अरुण साव ने सभी महापौरों और निकाय अध्यक्षों को पत्र लिखकर “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025” के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। अरुण साव ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं है बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वस्थ भविष्य की परंपरा है। इस बार इसे जन-उत्सव का रूप देकर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

समग्र शिक्षा की समीक्षा बैठक : निर्देश जारी

Education Review: रायपुर में समग्र शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई जिसमें विभिन्न योजनाओं का मूल्यांकन किया गया। शिक्षा मंत्री के निर्देशों को लागू करने के लिए मंत्रालय ने आदेश जारी किए। राज्य परियोजना कार्यालय को योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने कहा गया है। बैठक में गुणवत्ता शिक्षा, आधारभूत संरचना और शिक्षक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

आयुष्मान भारत : छत्तीसगढ़ को 130 करोड़ की अतिरिक्त राशि

Ayushman Bharat: केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को आयुष्मान भारत योजना के तहत 130 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है। अब तक राज्य को कुल 505 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इस राशि से निजी अस्पतालों के दावों का नियमित भुगतान किया जाएगा। वर्तमान में रोजाना करीब 1,600 से 1,700 दावे सामने आ रहे हैं जिनकी राशि 4 करोड़ से अधिक है।

छत्तीसगढ़ में सरकारी शराब दुकान की शराब पीने के बाद दो युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शराब पीने के बाद दो युवकों की मौत हो गई. शराब सेवन करने के बाद दोनों की तबियत बिगड़ी. युवकों को सारंगढ़ के निजी अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि जहरीली शराब पिने से मौत हुई है. पूरा मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है.

Also Read: Mahtari Vandana Yojana: महतारी वंदन योजना में 3399 हितग्राहियों के नाम कटे, अब इन्हे नही मिलेगा 1000 रूपये

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button