
रायपुर – CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ के लोगों को तपती गर्मी से आखिरकार राहत मिल ही गई। मंगलवार की शाम राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली और जोरदार बारिश ने लोगों को चैन की सांस लेने का मौका दिया। इस बारिश के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ होगी बारिश
CG Weather Alert: मौसम विभाग की मानें तो राहत का यह सिलसिला यहीं थमने वाला नहीं है। बुधवार को भी रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ जमकर बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि इस दौरान तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।

15 जून के आसपास सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि प्रदेश में 15 जून के आसपास मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। यानी आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है। लोगों को अब लगातार बारिश और ठंडक का अहसास हो सकता है।
बिलासपुर सबसे ज्यादा तपाया
मंगलवार को हालांकि बारिश ने राहत दी, लेकिन दोपहर तक सूरज ने जमकर सितम ढाया। प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना बिलासपुर, जहां का तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर भी कुछ कम नहीं रही, यहां पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
लोगों को अब राहत की उम्मीद
बीती रात की बारिश के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में भी ऐसी ही बारिश होती रही तो भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। फिलहाल मौसम विभाग की चेतावनी और अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



