Atal Ji Statue: छत्तीसगढ़ के इस विधानसभा में अटल जी की प्रतिमा का अपमान: जूतों की माला पहनाई, गांव में उबाल, BJP नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी

Atal Ji Statue: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से एक शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत अवेली के अटल चौक में लगी पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों ने घिनौनी हरकत की है। प्रतिमा पर जूतों की माला पहनाकर अपमान किया गया, जिससे पूरे गांव में गुस्से की लहर दौड़ गई है।

सुबह का नज़ारा देख सन्न रह गए ग्रामीण

गांव के बीचोंबीच बने अटल चौक पर जब लोग सुबह निकले, तो जो देखा उससे स्तब्ध रह गए। वाजपेयी जी की प्रतिमा पर किसी ने जूतों की माला डाल दी थी। घटना की सूचना मिलते ही लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को खबर दी गई। कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर माला हटवाई और जांच शुरू कर दी।

कबड्डी टूर्नामेंट के बाद की गई शर्मनाक हरकत

ग्रामीणों के अनुसार, बीती रात गांव में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन था, जिसके बाद सभी लोग घर लौट गए। रात करीब 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच इस हरकत को अंजाम दिया गया। लोगों को शक है कि इस पूरी घटना को अंधेरे का फायदा उठाकर अंजाम दिया गया, क्योंकि अटल चौक की सारी लाइटें एकाएक बंद हो गई थीं, जबकि बिजली विभाग ने कोई कटौती नहीं की थी।

“ये गांव की अस्मिता पर हमला है” – भाजपा नेता

गांव के पूर्व सरपंच और भाजपा नेता डोरेलाल साहू ने इसे गांव की अस्मिता और सम्मान पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी सिर्फ एक नेता नहीं, पूरे देश की भावना हैं और उनकी प्रतिमा का ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डोरेलाल साहू ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे।

पुलिस जांच में जुटी, गांव में गुस्सा और गम का माहौल

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाए। गांव के लोग बेहद आहत हैं कि जिस नेता ने देश को एक नई सोच दी, उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया।

Also Read: CG Craft Beer License: छत्तीसगढ़ में अब गन्ना रस की तरह गिलास में मिलेगा क्राफ्ट बीयर, रेस्टोरेंट में धुआंधार होगी बिक्री, इतने में मिलेगा लाइसेंस

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button