
CG Ration viral Video: गरियाबंद जिले के वार्ड नंबर 3 में स्थित राशन दुकान पर रविवार को अफरा-तफरी मच गई। सरकार के निर्देश पर मानसून को देखते हुए 3 महीने का राशन एक साथ वितरित किया जा रहा है, लेकिन व्यवस्था ऐसी चरमरा गई कि हालात काबू से बाहर हो गए।
मशीन फेल, लाइन लंबी, गुस्साई भीड़ ने तोड़ा दरवाजा
Gariaband News: सुबह से ही दुकान के बाहर हितग्राहियों की लंबी कतार लग गई थी। लेकिन नए मशीनी सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। घंटों इंतजार के बाद लोगों का सब्र जवाब दे गया। नाराज लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सेल्समैन ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था, लेकिन गुस्साई भीड़ ने दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस गई।
भगदड़ में गिरे महिलाएं-बुजुर्ग-बच्चे, कई घायल
राशन पाने की जल्दी में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भगदड़ मच गई और महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जमीन पर गिर पड़े। कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं। मौके पर बवाल बढ़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को समझाकर हालात पर काबू पाया।
OTP और फिंगरप्रिंट से हो रही देरी, सर्वर बार-बार डाउन
दुकान के सेल्समैन रमेश निर्मलकर का कहना है कि नई मशीन प्रणाली से राशन वितरण में भारी दिक्कतें आ रही हैं। कभी OTP नहीं आता, कभी फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता। एक हितग्राही को राशन देने में आधे घंटे से ज्यादा वक्त लग रहा है। दिनभर में मुश्किल से 20-22 कार्डधारियों को ही राशन दिया जा पा रहा है।
“8 दिन से लाइन में लग रहे हैं, फिर भी राशन नहीं मिला”
हितग्राहियों का कहना है कि वे रोज काम छोड़कर राशन लेने आते हैं, लेकिन भीड़ और मशीन की खराबी के कारण राशन नहीं मिल पाता। उमेश कुमार भावे ने बताया कि वे 8 दिनों से आ रहे हैं लेकिन हर दिन खाली लौटना पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सेल्समैन की संख्या बढ़ाई जाए या लोगों को समय स्लॉट देकर बुलाया जाए।
राधा बाई, जो सुबह से लाइन में थीं, बोलीं –
“भीड़ इतनी थी कि लोग रौंदते हुए निकल गए। राशन लेने आए हैं या जान गंवाने?”
अफवाहों से न घबराएं, सबको मिलेगा राशन
जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत बारिश प्रभावित जिलों में 3 महीने का राशन एक साथ दिया जा रहा है। तकनीकी गड़बड़ी के कारण थोड़ी दिक्कत जरूर हो रही है, लेकिन सभी को राशन मिलेगा। उन्होंने कहा कि दुकानों को अवकाश वाले दिन भी खोलने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपनी बारी का शांतिपूर्वक इंतजार करने की अपील की है।



