CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें जांजगीर में दीपावली के दिन पटाखे के विवाद में युवक की हत्या से मचा हड़कंप; राज्य में खुलेंगे चार नए सरकारी कॉलेज, शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम; गरियाबंद में पिता ने बेटे पर चलाया तीर, गांव में फैली सनसनी; नर्सिंग कॉलेजों पर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, अब अपग्रेडेड कॉलेज भी होंगे काउंसलिंग में शामिल; 24 अक्टूबर को नक्सलियों के भारत बंद के ऐलान पर सरकार सख्त, सुरक्षा बल अलर्ट पर; आईपीएस आशुतोष सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सीबीआई में होंगे एसपी; स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों के साथ अस्पताल में मनाई दिवाली, कहा- “बीमारों की सेवा ही सच्ची दिवाली”; अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से दो कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; सड़क हादसे में शहीद आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ मुआवजा; और जगदलपुर में पूर्व पार्षद की सड़क दुर्घटना में मौत से दीपावली पर छाया मातम समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

24 अक्टूबर को भारत बंद, नक्सलियों की चेतावनी पर सरकार सख्त

Naxal Bharat Bandh: भाकपा माओवादी ने 24 अक्टूबर को भारत बंद का आह्वान किया है। इससे पहले वे 23 अक्टूबर तक विरोध सप्ताह मना रहे हैं। नक्सल संगठन ने माड़, नेशनल पार्क, करेगुट्टा और झारखंड-ओडिशा सीमा पर सरकार के अभियानों को रोकने की मांग की है। वहीं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जब तक जंगल में बंदूक है, ऑपरेशन जारी रहेगा। पुलिस और सीआरपीएफ को अलर्ट पर रखा गया है।

नर्सिंग कॉलेजों पर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, काउंसलिंग में होंगे शामिल

Nursing Admission Order: नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने जीएनएम से बीएससी नर्सिंग में अपग्रेड हुए कॉलेजों को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल करने का निर्देश दिया है। जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की बेंच ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और काउंसलिंग कमेटी को फटकार लगाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ न किया जाए। इसके बाद बीएससी नर्सिंग काउंसलिंग की तारीख बढ़ाकर 26 अक्टूबर कर दी गई है।

दीपावली पर जांजगीर में हत्या, पटाखे के विवाद ने ली जान

Janjgir Murder Case: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दीपावली के दिन पटाखा फोड़ने के मामूली विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। कोटमी सोनार चौकी क्षेत्र में बाल मुकुंद सोनी नामक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक और हमलावरों के बीच बच्चों के पटाखे फोड़ने को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे चार नए सरकारी कॉलेज, शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम

New Government Colleges: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। उच्च शिक्षा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में प्रस्तावित चार नए शासकीय महाविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। नए कॉलेज जशपुर जिले के फरसाबहार और करडेगा, तथा बस्तर जिले के नगरनार और किलेपाल में खुलेंगे। इससे स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे और दूरस्थ इलाकों में शिक्षा का दायरा बढ़ेगा।

गरियाबंद में पिता ने बेटे पर चलाया तीर, गांव में फैली सनसनी

Gariaband Attack: गरियाबंद जिले के जोबा उरतुली गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि कमार जनजाति के एक परिवार में पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में पिता ने बेटे पर तीर चला दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

IPS आशुतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, CBI में होंगे एसपी

IPS Transfer Order: छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी आशुतोष सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में एसपी पद पर पदस्थ किया गया है। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर उन्हें रिलीव करने के निर्देश दिए हैं। 2012 बैच के अधिकारी आशुतोष सिंह वर्तमान में महासमुंद जिले के एसपी हैं। उनका कार्यकाल सीबीआई में ज्वाइनिंग की तिथि से पांच साल का होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में मरीजों के साथ मनाई दिवाली

Health Minister Celebration: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दीपावली के अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खंडगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और स्टाफ के साथ त्योहार मनाया। उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना, फल और मिठाइयां बांटीं और दीप जलाकर अस्पताल परिसर को रोशन किया। मंत्री ने कहा कि “बीमारों की सेवा ही सच्ची दिवाली है।” उन्होंने स्टाफ को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा दी।

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से दो कैदी फरार, सुरक्षा पर उठे सवाल

Ambikapur Jail Escape: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से दो कैदी फरार हो गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। दोनों गंभीर मामलों में विचाराधीन बंदी थे — एक पॉक्सो और दूसरा एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में था। देर रात दोनों किसी तरह गार्ड की निगरानी से बचकर भाग निकले। पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। यह एक महीने में दूसरी बार हुआ है जब कैदी अस्पताल से फरार हुए हैं।

सड़क हादसे में शहीद हुए आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ मुआवजा

Police Compensation: कोरबा पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मारे गए आरक्षक भूपेंद्र सिंह कंवर के परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। यह राशि एसबीआई की दुर्घटना बीमा योजना के तहत दी गई। भूपेंद्र सिंह दीपका थाना में पदस्थ थे और ड्यूटी पर जाते समय हादसे में उनकी मौत हो गई थी। पुलिस विभाग ने इसे अपने जवानों के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण बताया है।

नगर निगम की पूर्व पार्षद की सड़क दुर्घटना में मौत, दिवाली पर छाया मातम

Jagdalpur Accident: जगदलपुर नगर निगम की पूर्व पार्षद राखी साव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे मेडिकल कॉलेज से अपने घर लौट रही थीं, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राखी साव 2015 में निर्दलीय पार्षद चुनी गई थीं और बाद में मेडिकल कॉलेज में नौकरी कर रही थीं। हादसे के बाद परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Also Read: Vindhyavasini Temple Dhamtari: 35 साल बाद खुली धमतरी की रहस्यमयी बावली, श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर पाया पुण्य

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button