
रायपुर: Roti Maker Machine Scam: छत्तीसगढ़ के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग में एक बार फिर खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस बार आरोप रोटी मेकर मशीन की खरीद पर लगे हैं। कहा जा रहा है कि जिस मशीन की असली बाजार कीमत 50 से 60 हजार रुपये है, उसे विभाग ने करीब 7 लाख 95 हजार रुपये में खरीदा।
मंत्री ने मांगी 7 दिन में रिपोर्ट
Minister Ramvichar Netam: मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय प्रमुख सचिव से 7 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने साफ किया है कि जांच में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।
खरीद प्रक्रिया पर लगातार सवाल
सूत्रों के मुताबिक विभाग की खरीद प्रक्रिया को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि बाजार दर से कई गुना ज्यादा कीमत पर सामान खरीदे जाते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उठी चर्चाओं ने इस मामले को और तूल दे दिया है।
रायपुर जिले की ‘प्रयास संस्था’ के नाम पर खरीद
जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले में संचालित ‘प्रयास संस्था’ के तहत रोटी मेकर मशीन खरीदी गई थी। इस खरीद को लेकर कलेक्टर स्तर पर लिखित शिकायत भी दर्ज की गई है। शिकायत में साफ कहा गया है कि मशीन की कीमत बाजार मूल्य से कई गुना ज्यादा दिखाकर भुगतान किया गया है।
जांच से खुलेगा सच
फिलहाल विभागीय स्तर पर जांच की तैयारी शुरू हो गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि रिपोर्ट में इस खरीद की हकीकत क्या सामने आती है और क्या वाकई इसमें करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। विपक्ष पहले ही इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
Also Read: Rahul Tikriha Video: भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, देखिये वीडियो



