
छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की टीम में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ पत्रकार आर. कृष्णा दास को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, दास मुख्यमंत्री को मीडिया और अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत विषयों पर सलाह देंगे। इस पद के लिए उन्हें हर महीने 1.50 लाख रुपये का मानदेय मिलेगा। इसके अलावा, उन्हें राज्य शासन के विशेष सचिव के समान अन्य तमाम सुविधाएं और प्रोटोकॉल प्रदान किए जाएंगे। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक और राजनीतिक हल्कों में मुख्यमंत्री की मीडिया रणनीति को और अधिक मजबूत करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

पंकज झा जा सकते हैं दिल्ली, नितिन नबीन की टीम में चर्चा
मुख्यमंत्री के नए सलाहकार की नियुक्ति के साथ ही वर्तमान सलाहकार पंकज झा के भविष्य को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पंकज झा को अब दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चर्चा है कि उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन की मीडिया टीम में शामिल किया जा सकता है। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो यह छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारे से दिल्ली की राजनीति में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक फेरबदल होगा।



