
रायपुर: Chaitanya Baghel Latest News: छत्तीसगढ़ के चर्चित आबकारी (शराब) घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के खिलाफ विशेष कोर्ट में चालान पेश कर सकती है। वर्तमान में चैतन्य बघेल न्यायिक रिमांड पर रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
हाईकोर्ट में आज होगी सुनवाई
चैतन्य बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में दावा किया गया है कि उनकी गिरफ्तारी गैरकानूनी है और ईडी ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया। इस मामले पर आज जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच में सुनवाई होगी। ईडी की ओर से अदालत में जवाब पेश किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी याचिका
गौरतलब है कि 18 जुलाई 2025 को ईडी ने चैतन्य बघेल को भिलाई से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी को लेकर चैतन्य पहले सुप्रीम कोर्ट पहुँचे थे, लेकिन शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका खारिज करते हुए हाईकोर्ट में अपील करने का निर्देश दिया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है।
EOW भी कर सकती है गिरफ्तारी
इधर, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम भी चैतन्य बघेल को हिरासत में लेने की तैयारी में है। EOW आज कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट दाखिल करेगी और पुलिस रिमांड की मांग करेगी। एजेंसी चाहती है कि चैतन्य से आबकारी घोटाले और अन्य दर्ज FIR से जुड़े मामलों में गहन पूछताछ की जा सके।
ED का अगला कदम
ईडी की विशेष कोर्ट में चालान पेश होने के दौरान चैतन्य बघेल को अदालत में भी पेश किया जा सकता है। एजेंसी के मुताबिक, आबकारी घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध लेन-देन से जुड़े कई सबूत मिले हैं, जिन्हें चालान में शामिल किया जाएगा।
राजनीतिक हलचल तेज
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और ईडी की कार्रवाई ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि भाजपा इसे घोटाले का पर्दाफाश मान रही है। अब सबकी निगाहें हाईकोर्ट और विशेष अदालत की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
Also Read: Rahul Tikriha Video: भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, देखिये वीडियो



