
रायपुर: राजस्व पटवारी संघ का ऑनलाइन बहिष्कार आंदोलन समाप्त हो गया है। यह आंदोलन पटवारी कार्यालयों में जरूरी संसाधनों की मांग को लेकर चलाया जा रहा था। शनिवार को संघ के प्रतिनिधियों की मुलाकात राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से हुई, जिसके बाद समाधान निकला और आंदोलन खत्म करने की घोषणा की गई।
प्रत्येक पटवारी कार्यालय को 1100 रुपये
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बैठक के बाद निर्देश जारी किए कि प्रदेश के सभी पटवारी कार्यालयों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 1100 रुपये की राशि दी जाएगी। इस फैसले के बाद पटवारी संघ ने अपना आंदोलन वापस ले लिया।
काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंत्री
मंत्री वर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब समय पर राजस्व प्रकरणों का निराकरण करना उनकी जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यालयों को मजबूत करने से काम होगा तेज
राजस्व मंत्री ने भरोसा जताया कि पटवारी कार्यालयों को संसाधनों से सशक्त करने के बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में राजस्व मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा। संघ ने कहा कि उनकी मुख्य मांगें मान ली गई हैं, इसलिए ऑनलाइन बहिष्कार आंदोलन अब समाप्त किया जा रहा है।



