CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें धान खरीदी में 9 लाख टन की गिरावट से सरकार का दावा, अवैध धान पर सख्ती का असर, राजधानी में कार बनाकर चल रहा था ऑनलाइन सट्टा ऑफिस; 92.50 लाख के माल के साथ 6 सटोरिए गिरफ्तार, दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे CM साय, नारायणपुर आवासीय विद्यालय को बस की सौगात, सरगुजा में प्रधान आरक्षक की प्रताड़ना से युवक की आत्महत्या से खाकी शर्मसार, कवर्धा में 218 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी पर शिक्षा विभाग के दो कर्मचारी निलंबित, अश्लील डांस केस में निलंबित SDM को हाईकोर्ट से राहत, छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में मखाना खेती को बढ़ावा, 178 लाख की योजना मंजूर, किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगी केंद्रीय कमेटी, शिवराज सिंह चौहान का ऐलान, पेंशन की मांग को लेकर शिक्षकों का कलेक्ट्रेट में हल्लाबोल और रायपुर रेल मंडल की सख्ती, 155 बेटिकट यात्रियों से वसूला गया जुर्माना समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
छत्तीसगढ़ में फिर रेल हादसा: एमसीबी जिले में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में शनिवार दोपहर एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चिरमिरी से कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी के दो डिब्बे दर्रीटोला स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। हादसे के बाद ट्रैक पर कोयला बिखरने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना लूप लाइन (नंबर 4) पर हुई है, जिससे मुख्य लाइन प्रभावित नहीं हुई और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आज: 17 केंद्रों पर हजारों परीक्षार्थी शामिल
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा आज दो पालियों में संपन्न हो रही है। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से और द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शुरू हुई। अकेले रायपुर के 17 केंद्रों में 4428 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षार्थियों के लिए मूल पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की प्रति अनिवार्य की गई है। सुरक्षा जांच के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्रों पर बुलाया गया था।
पिछले साल की तुलना में 9 लाख टन कम हुई खरीदी; अवैध धान पर सख्ती का असर
छत्तीसगढ़ में साल 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान संपन्न हो गया है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि इस वर्ष 25.11 लाख किसानों से कुल 139.85 लाख टन धान खरीदा गया। पिछले साल की तुलना में यह आंकड़ा करीब 9 लाख टन कम है, जिसका मुख्य कारण बिचौलियों और अवैध धान पर की गई कड़ी कार्रवाई को बताया जा रहा है। मंत्री ने आश्वस्त किया है कि जिन किसानों का धान किसी कारणवश नहीं बिक पाया है, उनकी रिपोर्ट मंगाई जा रही है और उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
राजधानी में ‘कार’ बना सट्टा ऑफिस: 92.50 लाख के माल के साथ 6 सटोरिए गिरफ्तार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने गंज थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा कार में सट्टा संचालित करते हुए 6 आरोपियों को दबोचा। आरोपी jmdbet777.com जैसी वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बांटकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सट्टा खिला रहे थे। पुलिस को इसमें हवाला ट्रांजैक्शन और म्यूल बैंक खातों (फर्जी खाते) के पुख्ता सबूत मिले हैं।
दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे सीएम साय: नारायणपुर आवासीय विद्यालय को बस की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नारायणपुर दौरे के दौरान गरांजी स्थित ‘परीयना’ दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचे। वहां बच्चों ने पारंपरिक गीतों और हनुमान चालीसा के पाठ से सीएम का स्वागत किया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने तत्काल विद्यालय के लिए एक बस देने की घोषणा की। उन्होंने बच्चों को आईएएस-आईपीएस बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक कमी सफलता में बाधा नहीं बननी चाहिए।
सरगुजा में खाकी दागदार: प्रधान आरक्षक की प्रताड़ना से युवक ने किया सुसाइड
लखनपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पन्नालाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मृतक आशीष मिंज के परिजनों का आरोप है कि आरक्षक उसे उसकी प्रेमिका की खुदकुशी के मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये मांग रहा था। मानसिक दबाव और रिश्वत की मांग से तंग आकर आशीष ने फांसी लगा ली। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने अपने ही कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की है।
कवर्धा में 218 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी: शिक्षा विभाग के दो कर्मचारी निलंबित
कबीरधाम जिले के ब्लॉक शिक्षा कार्यालय (BEO) में 218 करोड़ रुपये की भारी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। वर्ष 2022 से 2025 के बीच के महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज जैसे बिल रजिस्टर और कैश बुक गायब पाए गए हैं। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने लापरवाही बरतने वाले दो कर्मचारियों, माया कसार और योगेंद्र कश्यप को निलंबित कर दिया है। तत्कालीन बीईओ संजय जायसवाल पर भी गंभीर आरोप लगे हैं।
अश्लील डांस मामले में निलंबित SDM को राहत: हाईकोर्ट ने लगाई रोक
गरियाबंद जिले के बहुचर्चित ‘उरमाल ओपेरा’ मामले में अश्लील डांस देखने के आरोप में निलंबित किए गए एसडीएम तुलसीदास मरकाम को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिल गई है। कोर्ट ने निलंबन आदेश पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार को अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। आदेश मिलते ही एसडीएम मरकाम ने मैनपुर अनुविभागीय कार्यालय में दोबारा पदभार ग्रहण कर लिया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में ‘मखाना’ क्रांति: 178 लाख की योजना को मिली मंजूरी
छत्तीसगढ़ में अब पारंपरिक धान की खेती के साथ मखाना उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के बाद ‘सेंट्रल सेक्टर स्कीम’ के तहत 178.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उद्यानिकी विभाग ने मखाना की खेती और प्रसंस्करण के लिए 4 प्रमुख जिलों का चयन किया है, जिससे किसानों की आय में भारी इजाफा होने की उम्मीद है। धमतरी, बालोद, महासमुंद और गरियाबंद का चयन; धान के साथ नकदी फसल पर जोर
किसानों की समस्याओं के लिए बनेगी केंद्रीय कमेटी: शिवराज सिंह चौहान का ऐलान
रायपुर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। यह कमेटी प्रदेश सरकार के साथ मिलकर हाईटेक मंडी और उन्नत किस्म के बीजों पर काम करेगी। मंत्री ने किसानों द्वारा अपनाई जा रही ‘मल्टी-लेयर’ फार्मिंग (एक ही पौधे में दो सब्जियां) की जमकर सराहना की।



