प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेकाहारा में दिनदहाड़े चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल अंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल (मेकाहारा) से एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर तब बड़ा सवाल खड़ा हो गया जब दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया और आरोपी बड़ी ही चालाकी से मौके से फरार हो गया।

मरीज के परिजन का पर्स चोरी, CCTV में दिखा पूरा मामला

मेकाहारा अस्पताल में भर्ती मरीज के एक परिजन का पर्स चोरी हो गया। इस पर्स में दो मोबाइल फोन और करीब 40 हजार रुपये नगद थे। ये पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक चोरी की हरकत करते हुए साफ नजर आ रहा है।

घटना रायगढ़ जिले के नवापारा निवासी केवल साहू के साथ हुई, जो अपने मौसाजी के इलाज के लिए रायपुर आए थे। उन्होंने मौदहापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

CCTV में कैद चोरी की वारदात…

सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर बेखौफ निकला चोर

चोरी की यह वारदात अस्पताल परिसर में उस वक्त हुई जब लोग दिन के उजाले में इलाज के सिलसिले में इधर-उधर घूम रहे थे। इसी बीच चोर ने मौका देखा और पर्स लेकर चंपत हो गया। बड़ी बात यह है कि यह सबकुछ अस्पताल के गार्डों और कर्मचारियों की नाक के नीचे हुआ और किसी को भनक तक नहीं लगी।

क्या बोले पुलिस वाले?

FIR दर्ज करने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। मौदहापारा थाना पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बार-बार सवालों के घेरे में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था

यह कोई पहली बार नहीं है जब मेकाहारा अस्पताल में इस तरह की चोरी की घटना हुई हो। पहले भी मरीजों और उनके परिजनों के साथ चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सवाल ये है कि इतने बड़े अस्पताल में सुरक्षा के नाम पर आखिर हो क्या रहा है? क्या सिर्फ सीसीटीवी लगाना काफी है या फिर निगरानी और सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है?


दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं न सिर्फ अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों के लिए खतरा हैं, बल्कि यह सरकारी सुरक्षा व्यवस्था की असलियत भी उजागर करती हैं। उम्मीद है कि पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ लेगी, लेकिन क्या इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगेगी? यही सबसे बड़ा सवाल है।

Also Read: Amit Shah CG Tour Program: अमित शाह का कल छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर से अबूझमाड़ तक, सुरक्षा से संवाद तक का ‘मिनट टू मिनट’ शेड्यूल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button