
रायपुर: CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मोंथा’ (Montha Cyclone) का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। साथ ही, कुछ एक स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात (आकाशीय बिजली) होने की भी आशंका है। वर्षा का मुख्य क्षेत्र आज मध्य छत्तीसगढ़ रहेगा, जबकि 24 घंटे बाद 1 नवंबर को यह क्षेत्र उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा।
पूर्वी विदर्भ पर है मोंथा का अवशेष
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मोंथा का अवशेष अब चिन्हित निम्न दाब (Marked Low-Pressure Area) के रूप में पूर्वी विदर्भ और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर स्थित है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
निम्न दाब क्षेत्र में बदलने की संभावना
CG Today Weather News: मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि यह सिस्टम उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर गमन करेगा। अगले 24 घंटों में इसके निम्न दाब के क्षेत्र (Low Pressure Area) के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है, जिससे मौसम का मिजाज और बदल सकता है।
भारी बारिश से राजधानी का पारा 3 डिग्री लुढ़का
Rain Alert: चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक 6 सेमी बारिश बड़े बचेली में हुई। इसके अलावा, भोपालपटनम में 4 सेमी, कुसमी में 3 सेमी, कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, दुर्गकोंदल और नारायणपुर में 2-2 सेमी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी तड़के हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे, जिसके कारण 24 घंटे में पारा 3 डिग्री तक लुढ़क गया है।
अगले 3 घंटों के लिए 11 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों के लिए अगले 3 घंटों हेतु बारिश का अलर्ट जारी किया है। जशपुर और बलरामपुर में बादल गरजने, आकाशीय बिजली और तेज हवा (30-40 KMPH) के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है। वहीं, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में भी मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे करीब 11 जिले प्रभावित होंगे।
रायपुर का मौसम: हल्की बारिश और छाए रहेंगे बादल
CG Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान रायपुर का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे मौसम सुहावना और ठंडा बना रहेगा।

पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में भी पारा लुढ़का
MP Today Weather News: पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में भी ‘मोंथा’ तूफान का असर दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं और हवा की रफ्तार बढ़ने से पारा लुढ़कने लगा है। मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत 29 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
आंध्र प्रदेश में सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण
Andhra Pradesh Weather: ‘मोंथा’ तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश रहा। वहाँ के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को डॉ. बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिले में चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और अमरावती में प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।



