
रायपुर: CG Rajyotsava 2025: छत्तीसगढ़ का राज्योत्सव इस बार पाँच दिनों का होगा, जिसकी शुरुआत 1 नवंबर से होगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि राज्योत्सव का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहीं, 5 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति ने दी छत्तीसगढ़ आने की सहमति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की थी। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर, 5 नवंबर को नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया था।
उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री के आमंत्रण को स्नेहपूर्वक स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और अपार हर्ष का विषय है कि देश के उपराष्ट्रपति अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समापन समारोह को अविस्मरणीय बनाएँगे।
विधानसभा भवन का लोकार्पण और पीएम की सौगातें
छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष को चिह्नित करते हुए इस बार का राज्योत्सव खास होगा, क्योंकि इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए पीएम को आमंत्रित किया है। इस पाँच दिवसीय राज्योत्सव के दौरान ही राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त, इस दिन विधानसभा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी होना है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर छत्तीसगढ़ को कई अन्य सौगातें भी दे सकते हैं।



