
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आज सोमवार को बेरोजगारी भत्ते के मुद्दे पर जोरदार हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने सत्ता पक्ष पर बेरोजगार युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल और लखेश्वर बघेल द्वारा उठाए गए इस सवाल पर मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने विरोध दर्ज कराते हुए सदन से बहिर्गमन (Walkout) कर दिया। बेरोजगारी भत्ते को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के बीच जमकर बहस देखने को मिला।
कौशल विकास मंत्री का जवाब: ‘युवाओं को रोजगार देने वाला बना रहे हैं’
प्रश्नकाल के दौरान उठे इस प्रश्न का उत्तर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दिया। मंत्री ने विभागीय प्रयासों और योजनाओं की जानकारी दी, लेकिन बेरोजगारी भत्ते को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बेरोजगारी भत्ता देने के बजाय युवाओं को रोजगार देने वाला (Employment Giver) बना रही है। इस पर विपक्ष ने कहा कि पिछले सत्र में सरकार ने योजना चालू होने की जानकारी दी थी।
भूपेश बघेल ने भत्ता शुरू करने की मांग उठाई, अजय चंद्राकर ने दिया जवाब
बहस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में कहा कि जब योजना प्रारंभ है और बजट में प्रावधान किया गया था, तो युवाओं को भत्ता क्यों नहीं दिया जा रहा है? उन्होंने तत्काल भत्ता शुरू करने की मांग की। इसपर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जवाब देते हुए कहा कि हमारी सरकार कम से कम छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं का पंजीयन तो करा रही है, कांग्रेस के राज में क्या हुआ था, इसका पूरा दस्तावेज मेरे पास है।
जमकर हंगामे और तीखी बहस के बाद कांग्रेस का बहिर्गमन
बेरोजगारी भत्ते के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में जमकर नारेबाजी, तीखी बहस और हंगामा हुआ। मंत्री के जवाब से असंतोष और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने कहा कि वे बेरोजगारों को भत्ता नहीं देने के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हैं। इसके बाद कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
चंद्राकर का विपक्ष पर फुटबॉल खेलने को लेकर तंज
सदन की कार्यवाही के दौरान अजय चंद्राकर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए एक हास्यपूर्ण सवाल पूछा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत से पूछा कि वे दिल्ली गए थे या हैदराबाद, और क्या उन्होंने राहुल गांधी को फुटबॉल खेलते देखा या नहीं। इसपर महंत ने जवाबी तंज कसते हुए कहा कि कल तो आप हमारी जगह थे। भूपेश बघेल ने भी बहस में शामिल होकर चंद्राकर से पूछा कि आप क्या खेल रहे थे।
देखिये वीडियो-
पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल को सदन ने दी श्रद्धांजलि
सदन की कार्यवाही शुरू होने के दौरान स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन की सूचना दी। इसके बाद स्पीकर, सीएम विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री सहित सभी सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित किया गया।
आज अनुपूरक बजट समेत अन्य विधेयकों पर होगी चर्चा
हंगामे के बावजूद सदन की कार्यवाही जारी है और आज मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक बजट (First Supplementary Budget) पेश होगा और उसपर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा ‘छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना, नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन संशोधन विधेयक’ भी सदन में पेश किया जाएगा।
Also Read: छत्तीसगढ़ विधानसभा में सवाल पूछने में फिसड्डी साबित हुए ये विधायक, देखें सभी के नाम



