
रायपुर Raipur Crime News Update: राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक बड़ी पेटी के अंदर सूटकेस में युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस जांच में अब एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। जानकारी के मुताबिक, शव को कार से लाकर सुनसान इलाके में फेंका गया था। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 से एक कार (नंबर CG 04 B 7700) बड़ी पेटी लेकर निकलती दिखाई दे रही है। फिलहाल डीडी नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दौलतराम पोर्ते ने बताया कि शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर सीमेंट से ढंका गया था, फिर उसे एक स्टील की पेटी में डालकर सुनसान इलाके में फेंका गया था. यह मामला एक पूर्व नियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।

ASP पोर्ते ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच है और शव लगभग दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। युवक की गर्दन पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसकी हत्या गला काटकर की गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ट्रंक पर लिखा मिला ‘हब्बू भाई’, पुलिस को मिला अहम सुराग
जिस ट्रंक में शव मिला है, उस पर ‘हब्बू भाई’ लिखा हुआ पाया गया है। पुलिस इस नाम को अहम सुराग मानते हुए गोलबाजार की पेटी लाइन सहित पूरे शहर की पेटी और ट्रंक दुकानों की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ लापता लोगों की रिपोर्ट और डिजिटल सर्विलांस के जरिए युवक की पहचान की कोशिश में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



