
रायपुर: राजधानी रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर तोमर बंधुओं पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद रायपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी तोमर को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रायपुर की पुरानी बस्ती थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। रूबी तोमर पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी। टीम ने ग्वालियर में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया है और उसे रायपुर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भाई रोहित तोमर की तलाश अब भी जारी
रूबी तोमर और उसका भाई रोहित तोमर हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद रायपुर से फरार हो गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे और मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर मूव कर रहे थे। पुलिस ने रूबी तोमर की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है, जबकि उसके भाई रोहित तोमर की तलाश अभी जारी है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। तोमर बंधुओं के खिलाफ अवैध सूदखोरी, वसूली, धमकी, धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने हाल ही में उनके ठिकानों से ब्लैंक चेकबुक, नगद राशि, हथियार और कारतूस भी बरामद किए थे।



