धमतरी के जांबाजों का कमाल: हंचलपुर के एक ही मैदान से 12 दोस्तों का सेना में चयन, एक साथ मिली बड़ी कामयाबी

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के हंचलपुर गांव ने प्रदेश के सामने मिसाल पेश की है। यहां एक ही खेल मैदान में सुबह-शाम पसीना बहाने वाले 12 साथियों का चयन कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी-जीडी) के जरिए अर्धसैनिक बलों में हुआ है। इन युवाओं की मेहनत का ही नतीजा है कि आज हंचलपुर और आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। इन सभी ने संसाधनों की कमी को दरकिनार कर अपनी दोस्ती और अनुशासन के दम पर देश सेवा की राह चुनी है।

असम राइफल से लेकर सीआईएसएफ तक दिखा दबदबा

चयनित जांबाजों में प्रदीप कुमार साहू असम राइफल में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं हेमलाल साहू, डुमेश कुमार साहू और गजेंद्र कुमार ठाकुर का चयन सीआरपीएफ के लिए हुआ है। डोमेश साहू, शेषराज रात्रे और उपासना साहू बीएसएफ में तैनात होंगे। रोशन कुमार रात्रे, दीपक कुमार और खेमेन्द्र कुमार साहू सीआईएसएफ में अपना फर्ज निभाएंगे, जबकि प्रताप कुमार चक्रधारी आईटीबीपी का हिस्सा बनेंगे। खास बात यह है कि इस समूह में उपासना साहू एवं तारणी साहू ने भी अपनी जगह बनाकर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है।

युवाओं के लिए बने प्रेरणा: गांव में जीत का जश्न

इन 12 दोस्तों की सफलता ने क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का रास्ता खोल दिया है। हंचलपुर का वह मैदान जहां ये युवा तैयारी करते थे, अब इलाके के अन्य बच्चों के लिए भी उम्मीद का केंद्र बन गया है। ग्रामीणों ने बाजे- गाजे और मिठाइयों के साथ अपने इन लाडलों का स्वागत किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामूहिक रूप से तैयारी करने और एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाने की वजह से ही आज इतने बड़े पैमाने पर गांव के युवाओं का चयन सेना में संभव हो पाया है।

इन 12 युवाओं का हुआ चयन

  • प्रदीप कुमार साहू- असम राइफल
  • हेमलाल साहू – CRPF
  • डोमेश साहू- BSF
  • डुमेश कुमार साहू – CRPF
  • शेषराज रात्रे- BSF
  • रोशन कुमार रात्रे- CISF
  • प्रताप कुमार चक्रधारी -ITBP
  • गजेंद्र कुमार ठाकुर- CRPF
  • दीपक कुमार- CISF
  • खेमेन्द्र कुमार साहू- CISF
  • उपासना साहू- BSF
  • तारणी साहू – BSF

Also Read: कुरुद के ग्राम बगदेही के ‘रियल हीरो’ जयंत ध्रुव सम्मानित: कुएं में गिरे 7 मासूमों और बुजुर्गों की बचाई जान, कलेक्टर ने थपथपाई पीठ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button