
नई दिल्ली: 1 अक्टूबर 2025 से देशभर में LPG, UPI, NPS, रेलवे टिकट, बैंक छुट्टियां और पोस्ट ऑफिस सेवाओं से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।
LPG सिलेंडर के दाम
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर की कीमत तय करती हैं। 1 अक्टूबर को घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों के नए रेट जारी होंगे। पिछले कुछ महीनों से घरेलू गैस की कीमतों में स्थिरता है, जबकि कमर्शियल सिलेंडरों के दाम लगातार ऊपर-नीचे हो रहे हैं।
UPI के नए नियम
1 अक्टूबर से UPI का कलेक्ट रिक्वेस्ट फीचर बंद हो जाएगा। यानी अब किसी से डायरेक्ट पैसे मांगने का विकल्प नहीं होगा। इसके साथ ही UPI ट्रांजैक्शन लिमिट 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। सब्सक्रिप्शन और बिल पेमेंट्स के लिए ऑटो-पे सुविधा मिलेगी और हर डेबिट पर नोटिफिकेशन भी आएगा।
NPS और पेंशन स्कीम्स
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में न्यूनतम मासिक योगदान 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। अब इसमें Tier-1 और Tier-2 अकाउंट विकल्प होंगे। Tier-1 में टैक्स छूट मिलेगी जबकि Tier-2 लचीला विकल्प रहेगा, लेकिन टैक्स लाभ नहीं मिलेगा।
- नया PRAN खोलने पर 18 रुपये देने होंगे।
- NPS Lite ग्राहकों के फी स्ट्रक्चर में बदलाव हुआ है।
- गैर-सरकारी निवेशकों को अब 100% इक्विटी निवेश का विकल्प मिलेगा।
- एक PRAN नंबर से मल्टीपल CRA स्कीम्स चलाना संभव होगा।
ऑनलाइन गेमिंग पर सख्ती
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नए नियम लागू किए हैं। अब रियल मनी गेमिंग कंपनियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और इसमें शामिल होने की न्यूनतम उम्र 18 साल तय की गई है।
RBI की बैठक और ब्याज दरें
1 अक्टूबर को आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक होगी। अगर रेपो रेट घटता है तो होम लोन और कार लोन की EMI सस्ती हो सकती है।
स्मॉल सेविंग स्कीम्स की नई दरें
पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) जैसी छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें हर तीन महीने में तय होती हैं। 1 अक्टूबर से नई दरें लागू होंगी।
अक्टूबर में बैंक छुट्टियां
त्योहारी सीजन की वजह से अक्टूबर में 21 दिन बैंकों की छुट्टियां रहेंगी। गांधी जयंती, दशहरा, दीवाली और अन्य त्योहारों पर बैंक बंद रहेंगे।
स्पीड पोस्ट सेवाओं में बदलाव
डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट को और आधुनिक बनाया है। अब डिलीवरी ओटीपी आधारित होगी। ऑनलाइन बुकिंग और रियल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा छात्रों को 10% और थोक ग्राहकों को 5% की छूट दी जाएगी।
Also Read: New GST Rates: आज से क्या हुआ सस्ता और क्या महंगा, देखें पूरी लिस्ट



