
रायपुर: CG GOVT Employees Salary: छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार ने दीपावली पर्व से पहले अपने शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर, राज्य शासन ने माह अक्टूबर 2025 का वेतन अग्रिम रूप से 17 एवं 18 अक्टूबर को भुगतान करने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस संबंध में सभी विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सीएम साय बोले- ‘सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को शासन और कर्मचारियों के बीच आत्मीयता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी बिना किसी आर्थिक असुविधा के अपने परिवार के साथ उल्लासपूर्वक दिवाली मना सके।
- कोषालय खुले रहेंगे: वेतन भुगतान की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए, राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे।
- अन्य भुगतान भी अग्रिम: राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि मजदूरी, मानदेय एवं पारिश्रमिक जैसे अन्य मदों में भी नियमानुसार अग्रिम भुगतान किया जा सकेगा।
सीएम साय ने कहा कि अग्रिम वेतन भुगतान से न केवल कर्मचारियों को आर्थिक सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे जीएसटी बचत उत्सव के दौरान राज्य के बाजारों में रौनक बढ़ेगी, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।



