कैंसर उपचार में शोध में नई उम्मीद: CM विष्णुदेव साय ने रायपुर में ‘एरोकॉन 2025’ का किया शुभारंभ

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता का स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में वित्तीय संसाधन कभी बाधा नहीं बनेंगे। CM साय शनिवार को रायपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित ‘एरोकॉन 2025’ (छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश चैप्टर) के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

मेडिकल छात्रों के लिए नई सौगात

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 65 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज रायपुर में नए छात्रावास बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य बजट में वृद्धि कर रही है और नवा रायपुर में 5,000 बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी का निर्माण किया जा रहा है।

कैंसर की पहचान और इलाज में मिल रही नई दिशा

CM साय ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हजारों मरीज आज विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीक की वजह से नया जीवन पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर जिले में कैंसर डे-केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एम्स रायपुर में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम शुरू किया जा रहा है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकारी अस्पताल भी आधुनिक तकनीक अपनाने में अग्रणी हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के जरिए कैंसर की पहचान तेजी से संभव हो रही है और सरकार इसे स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल कर रही है।

बस्तर और सरगुजा को मिलेगा नया अस्पताल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता पर है। सरकार जल्द ही सरगुजा, धरमजयगढ़ और बस्तर में नए अस्पताल स्थापित करेगी।

विधानसभा अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री के बयान

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ‘एरोकॉन 2025’ से कैंसर उपचार के नए रास्ते खुलेंगे और यह कार्यक्रम प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे मध्यभारत के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज रायपुर प्रदेश का सबसे बड़ा कैंसर सेंटर है, जहाँ रोबोटिक सर्जरी, आईवीएफ सेंटर और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसी नई सुविधाएँ जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में छह फिजियोथेरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज और मानसिक रोगियों के लिए विशेष अस्पताल भी खोले जाएंगे।

Also Read: Mahtari Vandan Yojana 19th installment: महतारी वंदन योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री साय ने महिलाओं के खातों में अंतरित किए 1000-1000 रुपये

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button