
CG BJP Training Camp: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जारी है। मंगलवार को शिविर के दूसरे दिन योग अभ्यास के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सहित सभी मंत्री, सांसद और विधायक योग करते नजर आए। योग शिक्षक ने सभी नेताओं को स्वास्थ्य के लिए उपयोगी टिप्स दिए और सभी ने अनुशासन में योगासन किए।

आज (मंगलवार) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मैनपाट पहुंचेंगे और प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
जेपी नड्डा ने दी कड़ी चेतावनी
शिविर के पहले दिन सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंद कमरे में सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ गहन चर्चा की। मोबाइल फोन बाहर ही जमा करवा लिए गए थे, ताकि बातचीत गोपनीय रहे। सूत्रों के अनुसार, नड्डा ने नेताओं को साफ कहा कि जनता के बीच जाने में कोई शर्मिंदगी न हो, ऐसा व्यवहार करें। जमीन से जुड़े रहें और खुद को जनता से ऊपर न समझें।

नड्डा ने दी सख्त नसीहत:
- भ्रष्टाचार से पूरी तरह दूर रहें, किसी भी प्रकार की शिकायत न आए।
- मीडिया में सोच-समझकर बयान दें, पार्टी की छवि को नुकसान न पहुंचे।
- अनावश्यक टिप्पणियों से बचें और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब दें।
- सरकार की योजनाएं बूथ स्तर तक पहुंचें, यह आपकी जिम्मेदारी है।
जेपी नड्डा ने शिविर का उद्घाटन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण के साथ किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि नेतृत्व को निखारने और संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया है।
बीजेपी का विचार और दृष्टिकोण
नड्डा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि विचार, सेवा और मूल्य आधारित आंदोलन है। कार्यकर्ताओं और नेताओं को यही भाव लेकर जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता तक मोदी सरकार की योजनाओं और डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को पहुंचाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नेतागण स्कूल के छात्रों की तरह एक लाइन में
शिविर में शामिल सभी नेताओं ने सरगुजा की पारंपरिक ‘सरगुजिया पगड़ी’ पहनी। सफेद और लाल रंग की इस पगड़ी को वहां के आदिवासी पहनते हैं। नेतागण स्कूल के छात्रों की तरह एक लाइन में फोटोशूट कराते नजर आए, जिससे अनुशासन और एकरूपता की झलक मिली। इसके साथ ही सभी नेताओं के प्रशिक्षण से मोबाइल जमा कराया गया।

बीजेपी का मैनपाट शिविर केवल प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि अनुशासन, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों के लिए तैयारियों का संकेत है। जेपी नड्डा ने नेताओं को साफ संदेश दिया है—जनता के प्रति जवाबदेही और ईमानदारी ही भाजपा की पहचान होनी चाहिए।



