
रायपुर: Cough Syrup Ban: जानलेवा ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप को लेकर देश भर में व्याप्त दहशत के बीच, छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इस सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला तब आया है जब राजस्थान और मध्यप्रदेश में इस सिरप को पीने से 12 बच्चों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जिसके बाद मध्यप्रदेश और तमिलनाडु ने इसे पहले ही बैन कर दिया था।
सिरप में मिली अत्यधिक डाइएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG)
कोल्ड्रिफ कफ सिरप की निर्माता कंपनी तमिलनाडु कांचीपुरम स्थित श्रीसन फार्मा है। इस सिरप की जाँच में अत्याधिक मात्रा में डाइएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) नामक जहरीला रसायन पाया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भी इस सिरप के नमूने लेकर जाँच करवा रहा है।

छत्तीसगढ़ राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि तमिलनाडु की इस कंपनी के कफ सिरप की सप्लाई छत्तीसगढ़ में नहीं है। हालांकि, लोगों में किसी भी तरह का भ्रम न फैले, इसलिए एहतियातन इस सिरप को राज्य में प्रतिबंधित किया गया है। विभाग बाजार पर कड़ी नजर बनाए हुए है और इस कंपनी की सिरप की बिक्री को रोकने के लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों से दहशत
छत्तीसगढ़ के दवा कारोबारियों ने भी पुष्टि की है कि राज्य में ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप की सप्लाई नहीं है और न ही इस कंपनी का कोई गोदाम यहाँ मौजूद है। बावजूद इसके, मध्यप्रदेश और राजस्थान में हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ में भी दहशत का माहौल निर्मित हुआ। खासकर सोशल मीडिया के माध्यम से इस कफ सिरप की तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिससे आम जनता में डर कायम हो गया था।



