
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक युवती का शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने युवती को पहले प्रेमजाल में फँसाया, फिर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और इस दौरान का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। युवती की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस ने सिर्फ 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के वादे पर किया शोषण, फिर ब्लैकमेल
यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी पढ़ाई के लिए गाँव से बिलासपुर आई थी। फरवरी 2025 में उसकी दोस्ती साजिद अहमद (25) नाम के युवक से हुई, जो सूरजपुर जिले के मानपुर का निवासी है। फेसबुक और अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर बातचीत के बाद आरोपी ने युवती को घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान पर बुलाया।
वहाँ आरोपी ने युवती से शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, उसने इस घटना की गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर साजिद अहमद पिछले आठ महीने से युवती को लगातार दैहिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
माँ को बताई आपबीती, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
जब युवती ने सारी आपबीती अपनी माँ को बताई, तब दोनों ने मिलकर सरकंडा थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी निलेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए छानबीन शुरू की और मात्र 10 घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी साजिद अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। थाना प्रभारी निलेश पांडे ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट से अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।



