
खैरागढ़ जिले में KCG पुलिस ने नशे की एक बड़ी खेप जब्त की है। गुजरात के दहेज से लाई गई 3184 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ छह आरोपियों और एक बालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई की मुख्य बातें
- दहेज से लाई गई 3184 नशीली कैप्सूल
- KCG पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार
- NDPS एक्ट में सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर
अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश
CG Police Action : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुजरात के दहेज क्षेत्र से लाई जा रही नशीली ट्रामाडोल कैप्सूल की भारी खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने जब्त की नशीली कैप्सूल और सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 398 स्ट्रीप यानी 3184 नशीली कैप्सूल, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.66 लाख रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
गुजरात से छत्तीसगढ़ तक फैला था नशे का नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से गुजरात के भरूच जिले के दहेज क्षेत्र से नशीली दवाओं की तस्करी कर रहे थे और उन्हें खैरागढ़-गंडई क्षेत्र में बेचते थे। यह गिरोह स्थानीय युवाओं को ट्रामाडोल कैप्सूल सस्ते दामों में उपलब्ध कराता था।
मुखबिर की सूचना से हुआ बड़ा खुलासा
7 नवंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक दो मोटरसाइकिलों में दहेज से बड़ी मात्रा में नशीली कैप्सूल लेकर लौट रहे हैं। इस पर पुलिस ने ग्राम ठंढार मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया।
कैसे हुआ भंडाफोड़, क्या मिला पुलिस को?
तलाशी के दौरान पुलिस को दो बैगों में छिपाए गए 398 स्ट्रीप यानी 3184 ट्रामाडोल कैप्सूल मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से गुजरात से यह नशीला पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर बेचते थे। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे सप्लाई चेन को तोड़ने की कोशिश की जा रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
आरोपियों की पहचान और पुलिस की सख्त चेतावनी
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित सतनामी, राहुल गायकवाड़, शहबाज खान, शैलेश टंडन, उत्तम रात्रे और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी आरोपी गंडई क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई है। नशे की सप्लाई या बिक्री करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



