
रायपुर: Animesh Kujur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के छोटे से आदिवासी गांव घुइतांगर से निकलकर यूरोप के ट्रैक पर चमक बिखेरने वाले अनिमेष कुजूर ने देश का नाम रौशन कर दिया है। उन्होंने 5 जुलाई को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ सिर्फ 10.18 सेकंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।
Animesh Kujur: हालांकि इस रेस में अनिमेष को तीसरा स्थान मिला, लेकिन उनका समय भारत के लिए ऐतिहासिक बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुरिंदरवीर सिंह के नाम था, जिन्होंने 10.20 सेकंड में यह दूरी तय की थी। रेस में पहले स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के बेंजामिन रिचर्डसन (10.01 सेकंड) और दूसरे पर ओमान के अली अल बलूशी (10.12 सेकंड) रहे।

सेना का सपना बना एथलेटिक्स की उड़ान
अनिमेष की शुरुआत एक सामान्य ग्रामीण छात्र की तरह हुई थी। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल अंबिकापुर से पूरी की और उनका सपना था भारतीय सेना में शामिल होना। 2020 में 12वीं पास करने के बाद वे सेना की तैयारी में जुटे थे, लेकिन फुटबॉल खेलते हुए अचानक उनकी दौड़ने की क्षमता सामने आई।
कोविड महामारी के दौरान दोस्तों के कहने पर उन्होंने एक ओपन टूर्नामेंट में 100 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया — यहीं से उनकी ज़िंदगी की दिशा बदल गई। एक के बाद एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हुए उन्हें एहसास हुआ कि उनका असली मैदान ट्रैक है।
कोच मार्टिन ओवेंस ने संवारा करियर

ओडिशा स्थित रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में एक प्रतियोगिता के दौरान कोच मार्टिन ओवेंस की नजर जब अनिमेष पर पड़ी, तो उन्होंने उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया। मार्टिन ने बताया, “शुरुआत में तकनीकी खामियां थीं, लेकिन उनकी गति और जुनून जबरदस्त था।” यही समर्पण आज उन्हें भारत के शीर्ष धावकों की श्रेणी में ले आया है।

200 मीटर में भी रचा इतिहास, पर रिकॉर्ड दर्ज नहीं
International Sprint Meet: पिछले साल स्पेन में अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ 10.27 सेकंड में पूरी की थी, जो उस समय उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वहीं इस साल जेनेवा मीट में उन्होंने 200 मीटर की रेस 20.27 सेकंड में पूरी की — जो किसी भी भारतीय द्वारा दौड़ा गया सबसे तेज़ समय है। हालांकि, तकनीकी कारणों से यह रिकॉर्ड मान्य नहीं हो सका क्योंकि उस समय हवा की गति तय सीमा (2 मीटर/सेकंड) से अधिक थी।

दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ बने चैंपियन
ग्रीस में 100 मीटर दौड़ के साथ-साथ अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 200 मीटर की रेस में भी नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड (20.32 सेकंड) बनाया है। अब उनके नाम भारत के 100 और 200 मीटर दोनों रिकॉर्ड दर्ज हैं।
माता-पिता भी पुलिस अधिकारी, बेटे की उपलब्धि पर गर्व

अनिमेष के माता-पिता छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी हैं। वे कहते हैं कि उन्हें बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है और यह केवल एक शुरुआत है। अनिमेष खुद कहते हैं, “अब जब यूरोप में दौड़ और ट्रेनिंग का अनुभव मिला है, तो समझ में आया कि अभी बहुत कुछ सीखना है। मैं अपनी पूरी जान लगाकर दौड़ूंगा।”




