CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कांकेर में युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, रायपुर में HIV केस पर हाईकोर्ट सख्त, चैतन्य बघेल जेल में मनाएंगे दिवाली, बस्तर में खुलेगा वन विज्ञान केंद्र, पीएम जन आरोग्य योजना में छत्तीसगढ़ नंबर-1, नक्सली राजू सलाम समेत 60 माओवादी आत्मसमर्पण, महिला आयोग विवाद में वकीलों का नोटिस, सहयोग केंद्र में डिप्टी CM ने सुनी 300 शिकायतें, कोंडागांव के आदिवासी युवक का राष्ट्रपति को मार्मिक पत्र, दो सनसनीखेज हत्याओं से दहशत समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

कांकेर में युवा कांग्रेस का ‘हल्लाबोल’: बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन, कलेक्टोरेट घेरा

CG Youth Congress Protest: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बुधवार को बिजली दरों में बढ़ोतरी और हाफ-बिल योजना समाप्त करने के विरोध में युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार हल्लाबोल किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयराज भानु चिब और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ‘बिजली चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाते हुए कलेक्टोरेट का घेराव किया। इस दौरान पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद कार्यकर्ताओं और भारी पुलिस बल के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चार बार बिजली दरें बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला है और चेतावनी दी कि बिल वापस नहीं लिए जाने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

राज्य महिला आयोग के सदस्यों को वकीलों का नोटिस: ‘अनधिकृत’ कहने पर 7 दिन में माफी माँगें, वरना मानहानि का केस

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की तीन सदस्यों लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया और दीपिका शौरी को दो वकीलों ने मानहानि का नोटिस भेजा है। इन सदस्यों ने आयोग अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाते हुए वकीलों को ‘अनधिकृत व्यक्ति’ कहा था। अधिवक्ता शमीम रहमान और अखिलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि वे आधिकारिक विधिक सलाहकार हैं और इस अपमानजनक टिप्पणी से उनकी छवि खराब हुई है। वकीलों ने 7 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है, ऐसा न करने पर वे सक्षम न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे।

सहयोग केंद्र में डिप्टी सीएम अरुण साव ने सुनी 300 समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Public Grievance: रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सहयोग केंद्र में आम जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने तीन घंटे तक 300 से अधिक आवेदनों की सुनवाई की और संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकांश शिकायतें निर्माण कार्य, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक मामलों से जुड़ी थीं। इस दौरान नक्सलियों के आत्मसमर्पण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश को नक्सलमुक्त और समृद्ध बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बिजली, सड़क, पानी और शिक्षा में सुधार की जानकारी दी। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जनता एनडीए पर भरोसा जता रही है और वहां फिर से बहुमत से सरकार बनेगी।

नक्सल संगठन को तगड़ा झटका: राजू सलाम समेत 60 से अधिक नक्सलियों का आत्मसमर्पण, IG-SP कर रहे हैं सीधा संवाद

Naxal Surrender: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बड़े नक्सली नेता सोनू दादा के आत्मसमर्पण के बाद अब उत्तर बस्तर डिविजन में भी नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। डिविजन प्रभारी राजमन के नेतृत्व में 60 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। सरेंडर करने वालों में किसकोड़ो एरिया कमेटी सचिव (DVCM) राजू सलाम जैसा बड़ा नक्सली नेता भी शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार, ये बड़े नेता पहले से ही पुलिस अधिकारियों के संपर्क में थे। आत्मसमर्पण करने वाले इन सभी नक्सलियों को तीन बसों में भरकर बीएसएफ कैंप लाया गया है, जहाँ बस्तर IG पी. सुंदरराज और SP इंदिरा कल्याण एलेसेला उनसे सीधे संवाद कर रहे हैं। नक्सलियों की कंपनी नंबर 5 के कमांडर प्रसाद, मीना और ललिता समेत तमाम बड़े लीडर इस आत्मसमर्पण में शामिल हैं।

HIV पॉजिटिव महिला केस में हाईकोर्ट सख्त, दोषियों पर कार्रवाई और 2 लाख मुआवजा देने का आदेश

High Court Order: रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में एचआईवी पॉजिटिव महिला की पहचान उजागर होने के मामले में हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि यह कृत्य अमानवीय और निजता के अधिकार का उल्लंघन है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को ₹2 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया। मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और विभागीय जांच जारी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह घटना चिकित्सा आचार संहिता और संविधान के अनुच्छेद 21 का गंभीर उल्लंघन है।

शराब घोटाला मामला: चैतन्य बघेल जेल में मनाएंगे दिवाली, कोर्ट ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

Liquor Scam: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब वे 29 अक्टूबर तक जेल में रहेंगे। ईडी ने 18 जुलाई को उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि उन्हें शराब घोटाले से 16.70 करोड़ रुपये मिले, जिनका इस्तेमाल उन्होंने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में किया। ईडी का दावा है कि इस घोटाले से राज्य के खजाने को करीब ₹2,500 करोड़ का नुकसान हुआ।

बस्तर के आसना में खुलेगा राज्य का पहला वन विज्ञान केंद्र, बनी सलाहकार समिति

Forest Research: छत्तीसगढ़ में बस्तर के आसना में राज्य का पहला वन विज्ञान केंद्र स्थापित होगा। राष्ट्रीय कैम्पा मिशन ने इसकी मंजूरी दी है। केंद्र के संचालन और प्रशिक्षण के लिए प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति बनाई गई है, जिसमें कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल समेत 8 विशेषज्ञ शामिल हैं। यह केंद्र वनों की सुरक्षा, वैज्ञानिक प्रबंधन और पारिस्थितिकी संरक्षण पर अध्ययन करेगा।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, NHA कॉन्क्लेव में सम्मान

Ayushman Achievement: भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ को उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य का सम्मान मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सतत मॉनिटरिंग से राज्य जनवरी 2025 में अंतिम पायदान से उठकर देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा। राज्य ने दावा प्रक्रिया में टर्नअराउंड टाइम घटाया और लाभार्थियों को त्वरित सेवाएं दीं।

छत्तीसगढ़ में दो सनसनीखेज वारदातें, युवक की हत्या और अधजली लाश से दहशत

Crime Shock: दंतेवाड़ा में एक युवक की घर में सोते वक्त हत्या कर दी गई, जबकि बिलासपुर के रतनपुर में झाड़ियों में अधजली महिला लाश मिली। दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि बिलासपुर की घटना हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश है।

कोंडागांव के आदिवासी युवक का राष्ट्रपति को मार्मिक पत्र: 1 साल 8 माह बाद भी FIR न होने से पूछा- ‘न्याय न मिले तो क्या आत्महत्या कर लूं?’

Kondagaon Tribal Youth President Letter: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ आदिवासी युवक रामचंद मरकाम ने न्याय न मिलने से व्यथित होकर सीधे राष्ट्रपति को एक मार्मिक पत्र लिखा है। रामचंद का आरोप है कि आदिवासी उत्पीड़न के मामले में 1 साल 8 माह बीत जाने के बाद भी आजाक थाना में उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई, जबकि गैर-आदिवासी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होती है। पत्र में उन्होंने अपनी शिकायत को गैर-आदिवासी अधिकारियों द्वारा बिना जाँच के ‘अप्रमाणित’ घोषित करने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। लगातार उपेक्षा से निराश होकर, रामचंद ने राष्ट्रपति से सवाल पूछा है कि, “संविधान में विश्वास रखने वाले सीधे-सादे आदिवासी को जब न्याय न मिले, तो क्या अब उसे अपने परिवार सहित आत्महत्या कर लेनी चाहिए?” यह मामला प्रशासनिक उदासीनता और कथित जातिगत भेदभाव को उजागर करता है।

Also Read: वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की नीति घोषित, मुख्यमंत्री साय ने कहा हर अन्नदाता को मिले परिश्रम का पूरा मूल्य यही हमारी प्राथमिकता

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button