Dhamtari News: महिला शिक्षिका से लूट, पर्स छीनकर भागे बाइक सवार बदमाश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से महिला शिक्षिका से लूटपाट का मामला सामने आया है। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हटकेशर की रहने वाली शिक्षिका किरण धमगाय के साथ यह वारदात तब हुई, जब वह शुक्रवार शाम को पैदल क्लिनिक जा रही थीं। बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने शिक्षिका का पर्स छीन लिया और तेजी से भाग निकले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।

क्लिनिक जाते समय छीन लिया पर्स

शिक्षिका किरण धमगाय ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे जब वह मकई चौक पेट्रोल पंप के सामने डॉ. हीरा महावर के क्लिनिक इलाज के लिए जा रही थीं, तभी अठवानी गली के पास स्कूटी खड़ी करने के बाद पैदल क्लिनिक की ओर जाते समय यह वारदात हुई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर आए युवकों ने उनका पर्स छीनकर लूट की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।

पर्स में नगदी और जरूरी दस्तावेज थे

शिक्षिका के अनुसार, लूटे गए पर्स में लगभग 2,500 रुपये नगद थे। इसके अलावा, पर्स में उनका एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और कुछ अन्य जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे। लूट की इस घटना से शिक्षिका को वित्तीय नुकसान के साथ-साथ महत्वपूर्ण पहचान पत्रों के खो जाने की भी चिंता हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान धमतरी के नयापारा वार्ड, कर्मा माता चौक निवासी मुकेश यादव (19 वर्ष) के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी मुकेश ने अपने अपराध को स्वीकार किया और बताया कि इस वारदात में उसका एक नाबालिग साथी भी शामिल था।

लूटा गया सामान और मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव के पास से लूट में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर NS 200 मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही, लूटा गया पर्स, 500 रुपये नगद, दो एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को भी पकड़ लिया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी मुकेश यादव पर कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: पहले बनाऊंगा शारीरिक संबंध..फिर लगाउंगा नौकरी! धमतरी के सरकारी अस्पताल में वार्ड आयुक्त ने महिला से की ये मांग, अब पीड़िता ने लगाई पुलिस से गुहार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button