
रायपुर: Food Safety Wheel: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती समारोह राज्योत्सव में खाद्य सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। राज्योत्सव के पंडाल में ‘फूड सेफ्टी व्हील’ की व्यवस्था की गई है, जहाँ न केवल खाद्य पदार्थों की तत्काल जांच हो रही है, बल्कि मेले में आने वाले लोगों को घर पर ही मिलावट की जांच करने के सरल तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।
15 मिनट में मिल रही है जाँच रिपोर्ट
‘फूड सेफ्टी व्हील’ में आधुनिक जांच मशीनें उपलब्ध हैं। यदि किसी खाद्य पदार्थ में संदेह होता है, तो लोग यहाँ आकर उसकी जांच करवा सकते हैं। विशेषज्ञों द्वारा 15 से 20 मिनट में जांच पूरी करके रिपोर्ट दी जा रही है। इसके साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के कई आसान और घरेलू तरीके भी बताए जा रहे हैं।
इन खाद्य पदार्थों की जांच के तरीके सीख रहे लोग
विशेषज्ञों द्वारा लोगों को उन दैनिक उपयोग की वस्तुओं की जांच के तरीके सिखाए जा रहे हैं, जिनमें मिलावट का खतरा अधिक होता है। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थ
- खाने के तेल
- चाय पत्ती
- शक्कर
- सूजी, रवा
- पिसे हुए मसाले
इन सरल तरीकों को सीखने से लोगों को अपने घर पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य लोगों को खाद्य पदार्थों के अपमिश्रण (मिलावट) से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों से बचाना है।




