CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नक्सलवाद पर प्रहार: 48 घंटे में 81 नक्सलियों का आत्मसमर्पण,रायपुर का नया ‘ब्लू प्रिंट’: मेट्रो सिटी की तर्ज पर खर्च होंगे 12,692 करोड़ , कमिश्नरेट सिस्टम: रायपुर में ‘भोपाल मॉडल’ लागू करने की तैयारी , भ्रष्टाचार पर वार: धान खरीदी में गड़बड़ी पर 38 कर्मचारियों पर गिरी गाज , जमीन रजिस्ट्री पर ब्रेक: कलेक्टर गाइडलाइन दरों पर भारी विरोध , बिलासपुर: परीक्षा से पहले छात्र का आत्मदाह, अस्पताल में हालत गंभीर , जमीन ठगी: बिलासपुर के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समेत 4 पर केस ,बालको ‘आरोग्य’ प्रोजेक्ट: 1.2 लाख लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ , धमतरी: महापुरुषों की तस्वीरें कचरा गाड़ी में फेंकी, कांग्रेस का हंगामा , अमृतसर सरपंच हत्याकांड: रायपुर से पकड़ा गया गैंगस्टर ‘गूंगा’ एनकाउंटर में ढेर समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

नक्सलवाद पर प्रहार: 48 घंटे में 81 नक्सलियों का आत्मसमर्पण ,मुख्यमंत्री साय बोले- 31 मार्च 2026 तक ‘नक्सल मुक्त भारत’ का संकल्प होगा पूरा

छत्तीसगढ़ में ‘नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान’ को बड़ी सफलता मिली है। साउथ सब ज़ोनल ब्यूरो से जुड़े 52 माओवादियों सहित पिछले 48 घंटों में कुल 81 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन पर 1.41 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘पूना मारगेम’ (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान के तहत अब बस्तर में भय की जगह विकास का भविष्य आकार ले रहा है।

रायपुर का नया ‘ब्लू प्रिंट’: मेट्रो सिटी की तर्ज पर खर्च होंगे 12,692 करोड़ ,1500 करोड़ का सीवरेज सिस्टम और डूंडा में 130 करोड़ का फिल्टर प्लांट बनेगा

राजधानी रायपुर के अगले 15 वर्षों के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री साय ने इसे ‘मेट्रो मॉडल’ पर विकसित करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत 1500 करोड़ से अंडरग्राउंड ड्रेनेज, पूरे शहर में 450 करोड़ से अंडरग्राउंड बिजली केबलिंग और 131 करोड़ से ‘खारुन रिवर फ्रंट’ का निर्माण होगा। 2040 तक की जनसंख्या को ध्यान में रखकर बुनियादी सुविधाओं पर फोकस किया जा रहा है।

कमिश्नरेट सिस्टम: रायपुर में ‘भोपाल मॉडल’ लागू करने की तैयारी ,पुलिस कमिश्नर को मिलेंगे 10-12 मजिस्ट्रियल अधिकार; 23 जनवरी से होगी शुरुआत

छत्तीसगढ़ के पहले पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम के लिए गृह विभाग ने नया ड्राफ्ट तैयार किया है। रायपुर में अब ‘भुवनेश्वर मॉडल’ के बजाय ‘भोपाल मॉडल’ अपनाया जा सकता है, जिसमें जिला प्रशासन के पास अधिक शक्तियां बरकरार रहेंगी। इसमें पुलिस कमिश्नर को धारा 144 लागू करने और जिला बदर जैसे 10-12 अधिकार मिलेंगे। रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह को ज्वाइंट कमिश्नर बनाए जाने की संभावना है।

भ्रष्टाचार पर वार: धान खरीदी में गड़बड़ी पर 38 कर्मचारियों पर गिरी गाज , 31 कर्मचारी सस्पेंड और 3 पर एफआईआर; अवैध वसूली और फर्जी खरीदी का मामला

धान खरीदी में अनियमितता बरतने वाले समिति प्रबंधकों और कर्मचारियों पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर समेत 12 जिलों के 38 कर्मचारियों पर गाज गिरी है। इसमें रायपुर के नरदहरा में अवैध वसूली करने वाले ऑपरेटर की सेवा समाप्त कर दी गई है, जबकि बिलासपुर में 920 बोरों की कमी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई है।

जमीन रजिस्ट्री पर ब्रेक: कलेक्टर गाइडलाइन दरों पर भारी विरोध ,रायपुर और दुर्ग में रजिस्ट्री ठप; 1000% तक की वृद्धि पर आपत्तियों का परीक्षण जारी

प्रदेश में नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों के विरोध के चलते जमीन की रजिस्ट्री की संख्या न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। कई इलाकों में दरों में 1000 प्रतिशत तक की वृद्धि का चौतरफा विरोध हो रहा है। आईजी रजिस्ट्रेशन पुष्पेंद्र मीणा के अनुसार, जिला मूल्यांकन समितियां आपत्तियों का अंतिम परीक्षण कर रही हैं, जिसके बाद पुनरीक्षण (दरों में कमी) पर फैसला लिया जाएगा।

बिलासपुर: परीक्षा से पहले छात्र का आत्मदाह, अस्पताल में हालत गंभीर ,इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट के बाद प्रयागराज के छात्र ने खुद को लगाई आग

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में बीए एलएलबी के छात्र आयुष यादव ने किराए के कमरे में पेट्रोल डालकर खुदकुशी की कोशिश की। छात्र 90% तक झुलस गया है और उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुदकुशी के प्रयास से पहले उसने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया था। पुलिस ने छात्र का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन ठगी: बिलासपुर के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समेत 4 पर केस ,बिल्डर से 64 लाख रुपये हड़पने का आरोप; फर्जी हस्ताक्षर कर हेराफेरी का मामला

बिलासपुर में जमीन बेचने का झांसा देकर एक बिल्डर से 64 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पूर्व मस्तूरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। इसी तरह के एक अन्य मामले में विधायक बालेश्वर साहू पहले ही जेल में हैं। पुलिस अब इन राजनीतिक रसूखदारों की आर्थिक हेराफेरी के अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

बालको ‘आरोग्य’ प्रोजेक्ट: 1.2 लाख लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ ,कोरबा और आसपास के 123 गांवों में मोबाइल हेल्थ वैन से पहुंचीं सेवाएं

वेदांता समूह की कंपनी बालको ने अपनी सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना ‘आरोग्य’ के जरिए एक साल में 1.2 लाख लोगों को लाभ पहुंचाया है। कंपनी ने कुपोषण एनीमिया उन्मूलन के लिए 51 आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष सत्र आयोजित किए। मोबाइल फिजियोथेरेपी और लैब टेस्टिंग सुविधाओं के माध्यम से सुदूर ग्रामीण इलाकों में प्राथमिक चिकित्सा सुलभ कराई गई है।

धमतरी: महापुरुषों की तस्वीरें कचरा गाड़ी में फेंकी, कांग्रेस का हंगामा ,जर्जर स्कूल भवन खाली कराते समय हुई लापरवाही; महापौर के खिलाफ प्रदर्शन

धमतरी नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के एक जर्जर स्कूल भवन से हटाई गई महापुरुषों की तस्वीरों को कचरा गाड़ी में भरकर फेंक दिया गया। इस अपमानजनक घटना के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने निगम कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने महापौर से सार्वजनिक माफी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अमृतसर सरपंच हत्याकांड: रायपुर से पकड़ा गया गैंगस्टर ‘गूंगा’ एनकाउंटर में ढेर ,पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान अमृतसर में हुई मुठभेड़

अमृतसर के ‘आप’ सरपंच जरमल सिंह की हत्या का मुख्य शूटर सुखराज सिंह उर्फ गूंगा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सुखराज को हाल ही में रायपुर पुलिस की मदद से छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया था। अमृतसर में हथियार बरामदगी के दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई क्रॉस फायरिंग में वह ढेर हो गया।

Also Read: महिलाएं गायब होने से गांव में फैली सनसनी, तरह-तरह की चर्चाएं, वीडियो कॉल ने पलटी पूरी कहानी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button