
कबीरधाम जिले में चल रहे नकली देशी शराब कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने झारखंड के जमशेदपुर से दो आरोपियों राकेश कोहली और मोहन प्रसाद गुप्ता को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आया कि मोहन गुप्ता फर्नीचर पॉलिश का काम करता था और कोलकाता से स्पिरिट मंगवाकर झारखंड के अवैध शराब नेटवर्क को बेचता था। इसी रास्ते वह पोड़ी क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी नंद कुमार और साजिद के संपर्क में आया।
पोड़ी गांव में मिल रहा था नकली शराब बनाने का सामान
कुछ दिन पहले पुलिस ने कबीरधाम जिले के पोड़ी गांव में चल रहे नकली शराब निर्माण केंद्र का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को पकड़ा गया था। जांच में पाया गया कि नकली शराब तैयार करने के लिए पैकिंग सामग्री, होलोग्राम, लेबल, ढक्कन और रसायन झारखंड से मंगाए जा रहे थे। गिरोह इसे भट्टी शराब या वैध शराब की तरह बेचकर मुनाफा कमा रहा था।
साइबर टीम की मदद से पकड़ में आए आरोपी
कवर्धा पुलिस के अनुसार साइबर टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर गिरोह की गतिविधियों को ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस ने पोड़ी गांव में नंद कुमार कुर्रे के घर पर दबिश दी, जहां नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में शामिल दो और आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार किया। पुलिस अब नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश में है।
Also Read: कुरूद विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और पेय जल को मिलेगी मजबूती: चरमुड़िया में महानदी नहर पर ₹4.29 करोड़ के क्रॉस रेगुलेटर एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का विधायक अजय चंद्राकर ने किया शुभारंभ



