VIDEO: रायपुर में छठ पूजा के मौके पर अश्लील डांस पर हंगामा: बजरंग दल ने बंद कराया आयोजन, VIDEO वायरल

रायपुर: एक ओर पूरा देश आस्था, श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मना रहा था, वहीं राजधानी रायपुर के बिरगाँव इलाके से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहाँ छठ पूजा के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांसर्स द्वारा अश्लील नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बजरंग दल ने मौके पर पहुँचकर कार्यक्रम को बंद कराया और आयोजन समिति को जमकर फटकार लगाई।

आस्था के महापर्व पर अश्लीलता का आरोप

छठ पर्व, जिसे सूर्य उपासना और मातृशक्ति के प्रतीक पर्व के रूप में जाना जाता है, मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य राज्यों में बड़ी आस्था के साथ मनाया जाता है। इस दिन महिलाएँ और पुरुष व्रत रखकर सूर्य देव और छठी मइया की पूजा-अर्चना करते हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। ऐसे पवित्र मौके पर बिरगाँव में आयोजित कार्यक्रम में अशोभनीय गीतों और नृत्यों से माहौल बिगड़ गया, जिससे श्रद्धालु महिलाएँ और बुजुर्ग वहाँ से उठकर चले गए।

लड़कों ने लड़कियों के कपड़े पहनकर की अश्लील हरकतें

मामला बीरगाँव के बड़ा तालाब वार्ड नंबर-9 स्थित शांति नगर का है। शांति नगर छठ पूजा समिति ने सोमवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक लड़कियों के कपड़े पहनकर स्टेज में डांस और अश्लील हरकतें करने लगे, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बजरंग दल ने कार्यक्रम बंद करवाया

अश्लील गानों और हरकतों पर आपत्ति जताते हुए कुछ लोगों ने बजरंग दल को सूचना दे दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और तुरंत मंच में जाकर कार्यक्रम को रुकवाया। मंच से ही बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आयोजकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और मर्यादा का प्रतीक है, ऐसे आयोजनों में अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देखिये वीडियो-

धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताया और पुलिस प्रशासन से मामले की जाँच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विवाद बढ़ता देखकर समिति ने मौके पर आगे आयोजन नहीं कराने की बात कही। मंगलवार को जब यह विवाद सार्वजनिक हुआ, तो दैनिक भास्कर टीम ने समिति से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इस पर बातचीत करने से मना कर दिया।

Also Read: छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहारों में रेलवे स्टेशनों पर छत्तीसगढ़ी गीत बजाने की मांग को लेकर रेल प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button