
रायपुर: Raipur Science College: राजधानी रायपुर में साइंस कॉलेज में एमएससी की पढ़ाई कर रही 25 वर्षीय एक छात्रा ने सुंदरनगर स्थित अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। डीडी नगर थाना क्षेत्र का यह मामला नौ दिनों से पुलिस की जाँच में है, लेकिन आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
17 अक्टूबर को खुला राज
मृतका की पहचान प्रज्ञा शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बेमेतरा जिले की निवासी थी। घटना सुंदरनगर आदर्श चौक स्थित रामजी कुंज में हुई। प्रज्ञा की एक सहेली 17 अक्टूबर को उससे मिलने उसके किराए के मकान पर गई। उसने देखा कि दरवाजा भीतर से बंद नहीं था। सहेली जब अंदर गई, तो प्रज्ञा शर्मा की लाश सीलिंग फैन के रॉड पर फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
सुसाइड नोट में भावुक बातें, किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने कुछ भावुक बातें लिखी हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रज्ञा ने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। नोट में उसने यह भी लिखा है कि उसे पिता का प्यार नहीं मिला।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और पुलिस की जाँच
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के माता-पिता में अलगाव हो चुका है। उसके पिता इन दिनों बीमार हैं, जबकि माँ शासकीय नौकरी में महासमुंद में पदस्थ हैं। छात्रा का पता भी पुलिस को महासमुंद बस स्टैंड के पास बताया गया है।
थाने के विवेचना अधिकारी के मुताबिक, परिजन अभी शोक में हैं, जिसके चलते उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और गहन जाँच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि प्रज्ञा ने किन परिस्थितियों में इतना कठोर कदम उठाया।



