
रायपुर: भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की पहल पर ‘लखपति दीदी’ योजना को लेकर एक राष्ट्रीय स्तर की तीन दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन 9 से 11 जुलाई 2025 तक राजधानी रायपुर में किया जाएगा। यह कार्यशाला दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
इस कार्यक्रम में देशभर के 11 राज्यों से वरिष्ठ अधिकारी, मिशन संचालक, आजीविका विशेषज्ञ, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और विभिन्न हितधारक हिस्सा लेंगे।
कार्यशाला का शुभारंभ भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव टी. के. अनिल, छत्तीसगढ़ शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, भारत सरकार की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा, और छत्तीसगढ़ शासन के सचिव भीम सिंह की उपस्थिति में होगा।
इस कार्यशाला से आम जनता को क्या लाभ होगा?
यह कार्यशाला ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे महिलाएं स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू करना, बाजार में अपने उत्पादों को बेचना, सरकारी योजनाओं और बैंकों से जुड़ना, तथा नई तकनीकों और कौशलों के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ाना सीखेंगी। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि वे अपने परिवार और गांव की आर्थिक स्थिति सुधारने में भी अहम भूमिका निभा सकेंगी।
Also Read: नैनो डीएपी किसानों के लिए सस्ता और असरदार उर्वरक, ठोस डीएपी का अच्छा विकल्प



