
मगरलोड: Magarlod News: विकासखंड के वन क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला कमारिनमुड़ा में पदस्थ प्रधान पाठक की करतूतों से ग्रामीण, पालक और स्कूल स्टाफ परेशान हैं। आरोप है कि प्रधान पाठक शराब पीकर स्कूल पहुंचता है और रसोईयों एवं महिला स्टाफ पर गलत नजर डालता है।
ग्राम पंचायत बिरझुली के आश्रित ग्राम कमारिनमुड़ा के ग्रामीणों, पालकों और पंचायत पदाधिकारियों ने 4 अगस्त 2025 को बीईओ को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में साफ कहा गया कि प्रधान पाठक भोजराम कंवर की आदतें शिक्षा जगत के लिए कलंक साबित हो रही हैं।

बीईओ ने किया निरीक्षण, पाई गई शिकायतें सही
ग्रामीणों की शिकायत पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मनीष ध्रुव ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायतें सही पाई गईं। बीईओ ने माना कि प्रधान पाठक भोजराम कंवर की शराबखोरी और अनुचित व्यवहार से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा स्कूल का माहौल दूषित हो रहा है।
डीईओ से कठोर कार्रवाई की मांग
बीईओ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) धमतरी को भेज दी है। प्रस्ताव में प्रधान पाठक पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
ग्रामीणों और पालकों का आक्रोश
ग्रामीणों, पालकों, शाला प्रबंधन समिति और पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त हस्ताक्षर कर मांग की है कि इस प्रकार के शिक्षक को तत्काल पद से हटाया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और सम्मानजनक माहौल सुरक्षित रह सके।



