Janki Chapter 1 Controversy: छत्तीसगढ़ की पहली हिंदी फिल्म “जानकी” पर सेंसर बोर्ड की रोक, सेंसर बोर्ड ने टाइटल पर जताई आपत्ति, प्रोड्यूसर बोले- “नाम नहीं बदलूंगा, कोर्ट जाऊंगा”

Janki Chapter 1 Controversy: छत्तीसगढ़ की पहली हिंदी फिल्म ‘जानकी Chapter 1’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया है। कारण बताया गया है—फिल्म का टाइटल ‘जानकी’। बोर्ड का कहना है कि जब तक यह नाम नहीं बदला जाएगा, फिल्म को सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा।

निर्माता का स्पष्ट ऐलान: नाम नहीं बदलेंगे

Janki Chapter 1 Controversy: फिल्म के निर्माता मोहित साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि वह फिलहाल मुंबई में हैं और सेंसर बोर्ड की इस आपत्ति से हैरान हैं। उन्होंने बताया कि सेंसर बोर्ड सिर्फ टाइटल में मौजूद ‘जानकी’ शब्द को लेकर आपत्ति जता रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि फिल्म का नाम किसी भी हाल में नहीं बदलेगा क्योंकि यह फिल्म के मुख्य किरदार की आत्मा है।

मोहित ने फेसबुक पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा,

“लगता है सेंसर बोर्ड अब पुरुष प्रधान हो गया है। अगर मेरी नायिका का नाम ‘जानकी’ है, तो उसमें क्या आपत्ति हो सकती है?”

रिवाइजिंग कमेटी और हाईकोर्ट जाने की तैयारी

Janki Chapter-1 Controversy: मोहित साहू ने आगे कहा कि वे पहले रिवाइजिंग कमेटी के पास अपील करेंगे और अगर वहां से भी राहत नहीं मिली तो वे हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाएंगे। उन्होंने दोहराया कि किसी भी स्थिति में टाइटल में बदलाव नहीं किया जाएगा। उनका मानना है कि यह मुद्दा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है।

निर्देशक का व्यंग्यात्मक कटाक्ष

फिल्म के निर्देशक कौशल उपाध्याय ने भी सेंसर बोर्ड के निर्णय पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,

“आज समझ आया कि ‘जानकी’ से अच्छा नाम होता ‘कमीने’। वाह सेंसर बोर्ड, वाह!”

उनकी यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग सेंसर बोर्ड के निर्णय की आलोचना कर रहे हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट और म्यूजिक टीम

जानकी Chapter 1 में मुख्य भूमिका अनिकृति चौहान निभा रही हैं, जो जानकी का किरदार निभा रही हैं। उनके साथ रघु के रोल में दिलेश साहू नजर आएंगे। अन्य कलाकारों में जीत शर्मा, नीरज उइके, नितिन ग्वाला और सुमित्रा साहू शामिल हैं। निर्देशन कौशल उपाध्याय का है, जबकि संगीत दिया है तोषांत कुमार और मोनिका वर्मा ने।

गायन के लिए फिल्म में प्रसिद्ध गायकों जैसे कैलाश खेर, शान और जावेद अली की आवाज ली गई है, जिससे फिल्म का म्यूजिक पहले से ही चर्चा में है।

ट्रेलर रिलीज और अगला कदम

फिल्म का ट्रेलर 23 अप्रैल को रायपुर के श्याम टॉकीज में बड़े आयोजन के साथ लॉन्च हुआ था। फिल्म की रिलीज 13 जून को पूरे भारत में होने वाली थी। यूट्यूब पर ट्रेलर और गाने पहले ही जारी किए जा चुके हैं, और प्रमोशन भी जोर-शोर से चल रहा था।

लेकिन अब सेंसर बोर्ड की आपत्ति के चलते फिल्म की रिलीज अधर में लटक गई है। निर्माता मोहित साहू का कहना है कि वह फिल्म को ‘जानकी’ नाम के साथ ही रिलीज करेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कोर्ट क्यों न जाना पड़े।

छत्तीसगढ़ की पहली हिंदी फिल्म ‘जानकी Chapter 1’ एक ऐतिहासिक प्रयास है, लेकिन सेंसर बोर्ड की आपत्ति ने इसके सफर को फिलहाल रोक दिया है। अब देखना होगा कि कानूनी प्रक्रिया के बाद फिल्म को उसका हक मिलेगा या नहीं। फिलहाल निर्माता और पूरी टीम अपनी बात पर अडिग है कि टाइटल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

Also Read: सलमान खान का ‘Bigg Boss 19’ जुलाई में होगा लॉन्च,इस बार नहीं दिखेंगे यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया स्टार्स, टीवी-बॉलीवुड सेलेक्टेड चेहरे होंगे शामिल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button