
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। आज का दिन काफी गहमागहमी भरा रहने वाला है क्योंकि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर आज से विस्तृत चर्चा शुरू हो रही है। विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है जिससे सदन में तीखी बहस होने की संभावना है।
मंत्रियों की अग्निपरीक्षा और तीखे सवाल-जवाब
सत्र की शुरुआत होते ही प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत विधायकों के निशाने पर रहेंगे। विपक्ष कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े गंभीर सवाल पूछेगा। मंत्रियों को अपने विभागों के कामकाज का ब्योरा देना होगा। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी प्रशासनिक दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखेंगे।
जनहित के मुद्दे और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
सदन में आज लोक महत्व के विषयों पर भी चर्चा होगी। विधायक सुनील सोनी और अंबिका मरकाम ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान खींचेंगे। इसके अलावा विधायक कुंवर सिंह निषाद और सुशांत शुक्ला अपनी याचिकाएं पेश करेंगे। इन याचिकाओं में स्थानीय विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें शामिल हैं जिन पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
बजट पर महामंथन और समितियों का गठन
आज की कार्यवाही का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा साल 2026-27 के बजट पर होने वाली सामान्य चर्चा है। बजट की घोषणाओं और प्रावधानों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आर-पार की जंग देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम विभिन्न समितियों के निर्वाचन से जुड़े प्रस्ताव पेश करेंगे। विशेष रूप से अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Also Read: छत्तीसगढ़ सरकार का ‘मधुशाला’ मोह: होली पर ड्राई डे हटाने का निर्णय सुशासन पर सवाल या राजस्व की भूख?



