छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता की कार से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, नेता गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने जन्मदिन की खुशियों को मातम में बदल दिया। भाजपा नेता स्वाधीन जैन की कार ने एक बुजुर्ग साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेता गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेटे का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे घर

स्वाधीन जैन, जो छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री भी हैं, रविवार को अपने बेटे का जन्मदिन मनाकर दल्लीराजहरा स्थित घर लौट रहे थे। बालोद से गुजरते वक्त, जैसे ही उनकी कार जमहि गांव के पास पहुंची, अचानक एक साइकिल सवार बुजुर्ग सड़क पर आ गए।

60 वर्षीय कमलू राम कोठारी, जो ग्राम सुवरबोड़ के रहने वाले थे, साइकिल से कहीं जा रहे थे। सामने से आ रहे वाहन को देखकर वे सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी कार की चपेट में आ गए।

टक्कर के बाद मौके पर ही मौत, नेता अस्पताल में भर्ती

टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार स्वाधीन जैन भी बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि गाड़ी में मौजूद उनका बेटा पूरी तरह सुरक्षित है।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी

घटना की खबर फैलते ही बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के चलते हाईवे पर थोड़ी देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कार की रफ्तार, हादसे की असली वजह और चश्मदीदों के बयान पर जांच की दिशा तय की जाएगी।

Also Read: CG Train Cancelled Alert: अब पहले से मिलेगी ट्रेनों की रद्द होने की जानकारी, यात्रियों को नहीं होगी कोई परेशानी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button